मुजफ्फरनगर। केंद्र सरकार के 12 वर्ष तथा उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सूचना विभाग द्वारा जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास केंद्र (सोल्जर बोर्ड) के मानेकशॉ सभागार में 17 से 20 जून 2026 तक आयोजित विकास चित्र प्रदर्शनी के अंतिम दिन जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ नागरिकों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल, भाजपा जिला अध्यक्ष सुधीर सैनी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने प्रदर्शनी में प्रदर्शित विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों से संबंधित चित्रों एवं जानकारी का निरीक्षण किया।
कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों को केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल ने कहा कि विश्वास, विकास और जनकल्याण के 12 वर्षों की यात्रा को प्रदर्शनी के माध्यम से आम जनता तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है और यह प्रदर्शनी उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
भाजपा जिला अध्यक्ष सुधीर सैनी ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश और प्रदेश ने विकास की नई गति प्राप्त की है, जिसके परिणाम आज हर क्षेत्र में दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रत्येक नागरिक का विकास आवश्यक है। प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, जल जीवन मिशन, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, आयुष्मान भारत, जनधन योजना, मुद्रा योजना, पीएम स्वनिधि, पीएम सूर्य घर, पीएम विश्वकर्मा सहित अनेक केंद्रीय योजनाओं तथा मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला, सामूहिक विवाह, मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना, कृषक दुर्घटना सहायता, पेंशन योजनाओं और प्रदेश में हुए विकास कार्यों को चित्रों एवं फोटोग्राफ के माध्यम से प्रदर्शित किया गया।
उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी का उद्देश्य नागरिकों को सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराना है। 17 से 20 जून तक चली इस प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ नागरिकों ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के साथ बनाए गए सेल्फी प्वाइंट पर तस्वीरें भी खिंचवाईं।
कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष विशाल गर्ग, जिला सूचना अधिकारी दिलीप कुमार गुप्ता, अपर जिला सूचना अधिकारी नरसिंह तथा जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल संजीव चौहान ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।























































