पीस कमेटी बैठक में सौहार्दपूर्ण त्योहार मनाने की अपील, समाधान दिवस पर सुनी गई जन समस्याएं

बबेरू/बांदा। बबेरू कोतवाली परिसर में जिलाधिकारी जे. रिभा और पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के नेतृत्व में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य होली और रमजान के त्योहारों को लेकर शांति एवं सौहार्द बनाए रखना था। बैठक में मौजूद ग्रामीणों से संभावित समस्याओं के बारे में जानकारी ली गई। अधिकारियों ने सभी से त्योहारों को आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की। बैठक में मौजूद हिंदू और मुस्लिम समुदाय के लोगों ने बताया कि बबेरू क्षेत्र में कभी किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होती, दोनों समुदाय मिलकर त्योहार मनाते हैं।

पीस कमेटी की बैठक के बाद थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। अधिकतर मामले जमीनी विवाद और मारपीट से जुड़े हुए थे। इस दौरान जिलाधिकारी ने राजस्व विभाग के कर्मचारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि अधिकांश शिकायतें राजस्व से संबंधित हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि विभाग की लापरवाही बनी हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में इस तरह की लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

समाधान दिवस में प्राप्त शिकायत पत्रों को संबंधित लेखपाल और पुलिस कर्मियों को सौंपते हुए जल्द से जल्द निस्तारण के निर्देश दिए गए। इस मौके पर बबेरू पुलिस क्षेत्राधिकारी सौरभ सिंह, उपजिलाधिकारी नमन मेहता, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बलराम सिंह, विद्युत विभाग के एसडीओ एजाज रसूल सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts