अलवर में श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के जिला अध्यक्ष देवेंद्र सिंह चौहान पर हुए जानलेवा हमले के विरोध में आज मिनी सचिवालय के बाहर समाज के लोगों ने धरना प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष लक्षमेश कुमार सिंह ने बताया कि 12 दिसंबर को देवेंद्र अपनी गाड़ी से दाऊदपुर से लौट रहे थे, तभी अल्ताफ, जावेद, शक्ति सहित अन्य आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। हमले से संभलते हुए देवेंद्र ने एनईबी थाने में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया। धरने के दौरान एडिशनल एसपी तेजपाल सिंह ने मौके पर आकर ज्ञापन लिया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। राजपूत समाज के लोगों ने चेतावनी दी कि यदि आरोपियों की गिरफ्तारी में देर हुई तो वे आंदोलनात्मक कदम उठाएंगे।















