सहारनपुर। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) नारी शक्ति संगठन की बैठक में श्रीमती प्रियंका सिंह को सहारनपुर जनपद की महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया। यह बैठक दिल्ली रोड स्थित पार्टी कार्यालय पर आयोजित हुई, जहां मुख्य अतिथि महिला प्रकोष्ठ की प्रदेशाध्यक्ष श्रीमती परिणीता सिंह का पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने फूलमालाओं से स्वागत किया। इस मौके पर परिणीता सिंह ने प्रियंका सिंह को मनोनयन पत्र सौंपा और उन्हें विधिवत पार्टी की सदस्यता भी दिलाई। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी के नेतृत्व में पार्टी की लोकप्रियता निरंतर बढ़ रही है और महिलाएं बड़ी संख्या में पार्टी से जुड़ रही हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकारी योजनाओं का लाभ जनता तक पहुँचाने का आह्वान किया और आगामी जिला पंचायत चुनावों में महिलाओं को 50 प्रतिशत भागीदारी दिलाने की प्रतिबद्धता दोहराई। बैठक में जोरदार नारेबाज़ी के साथ जोशपूर्ण माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर प्रदेश महासचिव चैधरी धीरसिंह और जिलाध्यक्ष शाहजमां खान ने सदस्यता अभियान को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से अपील की। बैठक में चैधरी अर्जुन सिंह, मनोज वर्मा, फैसल त्यागी, अमरीश कुमार, शहजाद मलिक, रेखा धनगर, अंजुम त्यागी, अंजू गौतम समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।















