अलवर जिले के रैणी उपखंड क्षेत्र के ग्राम बैरेर में शनिवार रात भारी बारिश के कारण एक जर्जर मकान की छत की पट्टियां भरभरा कर गिर गईं। गनीमत रही कि हादसे के समय छत के नीचे कोई नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। पीड़ित रमेश चंद जांगिड़ ने बताया कि कुछ दिन पहले उसके मकान की दीवार गिर गई थी, जिसके बाद वह परिवार सहित पास के एक अन्य मकान में शरण ले चुका था। रमेश चंद ने इस संबंध में रैणी उपखंड अधिकारी, तहसीलदार और विधायक मांगेलाल मीना सहित अन्य जिम्मेदार अधिकारियों को कई बार प्रार्थना पत्र देकर सहायता की गुहार लगाई, लेकिन अब तक कोई मदद नहीं मिली है। शनिवार की बारिश में छत पूरी तरह गिरने के बाद रमेश चंद का परिवार, जिसमें उसकी पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा शामिल हैं, अब पूरी तरह बेघर हो चुका है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से तत्काल राहत और पुनर्वास की मांग की है।















