मुजफ्फरनगर शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग द्वारा एक अहम कदम उठाया जा रहा है। इसी क्रम में 23 मई 2025 को शाम 5 बजे पुलिस लाइन मंदिर प्रांगण में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी, जिसकी अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक यातायात करेंगे। बैठक का मुख्य उद्देश्य नगर क्षेत्र में अव्यवस्थित और अवैध रूप से संचालित ई-रिक्शाओं पर नियंत्रण स्थापित करना तथा सड़कों पर लगातार बढ़ते जाम की समस्या से निजात पाना है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यातायात पुलिस द्वारा रूट निर्धारण की प्रक्रिया शुरू की जा रही है, जिसके तहत ई-रिक्शा चालकों और मालिकों से तय रूटों के लिए आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे। बैठक के दौरान चालकों को न केवल प्रस्तावित रूटों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी, बल्कि उनके बीच रूट वितरण प्रक्रिया भी समझाई जाएगी। यह पहल शहर के भीतर सुगठित परिवहन प्रणाली को स्थापित करने की दिशा में एक अहम प्रयास है।यातायात पुलिस ने सभी ई-रिक्शा चालकों और उनके मालिकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित हों, ताकि उन्हें आगामी बदलावों और नियमों के बारे में समुचित जानकारी मिल सके। यह कदम न सिर्फ यातायात व्यवस्था को सुधारने में सहायक होगा, बल्कि आमजन को भी सुगम और सुरक्षित यात्रा का लाभ मिलेगा।















