मुजफ्फरनगर में जनगणना–2027 की तैयारियां तेज,

मुजफ्फरनगर में आगामी जनगणना2027 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में भोपा रोड स्थित एस.डी. पब्लिक स्कूल में फील्ड ट्रेनरों के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दूसरे दिन अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गजेन्द्र कुमार ने प्रशिक्षण स्थल का निरीक्षण कर कार्यक्रम की प्रगति का जायजा लिया। यह प्रशिक्षण जनपद में जनगणना कार्य को सुचारू, व्यवस्थित और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन के निर्देशन में आयोजित किया गया है।निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने उपस्थित प्रतिभागियों को जनगणना के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जनगणना एक राष्ट्रीय स्तर का महत्वपूर्ण अभियान है, जिसके माध्यम से देश की जनसंख्या, सामाजिक-आर्थिक स्थिति, आवासीय व्यवस्था, साक्षरता, रोजगार सहित कई अहम आंकड़ों का संकलन किया जाता है। इन आंकड़ों के आधार पर सरकार विभिन्न विकास योजनाएं और नीतियां तैयार करती है। इसलिए जनगणना कार्य को पूरी गंभीरता, पारदर्शिता, उत्तरदायित्व और निष्पक्षता के साथ पूरा किया जाना आवश्यक है।उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे फील्ड ट्रेनरों से अपेक्षा की कि वे प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त सभी जानकारी और दिशा-निर्देशों को अच्छी तरह समझें और आगे होने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रमों में प्रगणकों (Enumerators) तथा पर्यवेक्षकों (Supervisors) को प्रभावी तरीके से प्रशिक्षित करें। इससे जनगणना कार्य के दौरान किसी प्रकार की त्रुटि न हो और संकलित आंकड़े पूरी तरह शुद्ध व विश्वसनीय रहें।प्रशिक्षण कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनरों द्वारा फील्ड ट्रेनरों को जनगणना–2027 के अंतर्गत हाउस लिस्टिंग और हाउसिंग जनगणना के विभिन्न चरणों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही जनगणना की मूल अवधारणाओं, प्रपत्रों के सही संधारण, डिजिटल एप्लीकेशन के उपयोग, फील्ड स्तर पर कार्य संचालन और रिपोर्टिंग प्रणाली से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी प्रशिक्षण दिया गया। प्रतिभागियों को यह भी बताया गया कि जनगणना के दौरान एकरूपता, गुणवत्ता और समयबद्धता बनाए रखना बेहद जरूरी है।प्रशिक्षण के दौरान यह भी स्पष्ट किया गया कि जनगणना के तहत एकत्र की गई सभी सूचनाओं की गोपनीयता बनाए रखना अनिवार्य है और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जाना चाहिए। फील्ड स्तर पर आने वाली संभावित समस्याओं के समाधान के लिए भी विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को विस्तृत मार्गदर्शन दिया।यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 11 मार्च से 13 मार्च 2026 तक आयोजित किया जा रहा है, जबकि इसका दूसरा चरण 16 मार्च से 18 मार्च 2026 तक चलेगा। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद यही फील्ड ट्रेनर अपने-अपने क्षेत्रों में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण देंगे, जिससे जनपद में जनगणना–2027 का कार्य सुव्यवस्थित और प्रभावी तरीके से पूरा कराया जा सके।कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर के रूप में रुपेश कुमार, अपर जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी धुरेन्द्र तोमर, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता, जनगणना निदेशालय से ज्योति नामदेव और गौरव गुंजन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और नामित फील्ड ट्रेनर मौजूद रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts