भारद्वाज गुरुकुलम संस्थान, रुद्रापुर, प्रयागराज में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के सदस्य अशफाक अहमद ने कहा कि महिलाएं किसी भी राष्ट्र के निर्माण और विकास का मुख्य आधार हैं। मातृशक्ति के स्वावलंबन, सम्मान और सतत विकास के लिए समाज को कृतसंकल्पित होना चाहिए। उन्होंने कहा कि बहन-बेटियां समर्थ बनें, खुशहाल रहें और उनके चेहरे पर सदैव मुस्कान बनी रहे, यह हर नागरिक का कर्तव्य है।
उन्होंने आगे कहा कि देश तभी प्रगति करेगा और वैश्विक स्तर पर सम्मान प्राप्त करेगा जब समाज नारी सशक्तिकरण और उनके सम्मान को प्राथमिकता देगा। जहां नारियों का सम्मान होता है, वहां देवताओं का वास होता है। आज महिलाएं दुनिया भर में अपनी सफलता का परचम लहरा रही हैं और वे उत्थान एवं प्रगति की प्रेरणा स्रोत हैं। हर समय समर्पण भाव से महिलाओं का सम्मान किया जाना चाहिए क्योंकि वे किसी भी परिवार को स्वर्ग बना सकती हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी महिलाओं को साल और माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शरद उपाध्याय, एडवोकेट देवराज उपाध्याय, श्वेता श्रीवास्तव, प्रतिमा तिवारी, रचना पांडे, रागिनी, महिमा, शिफा बानो, रेशमा बानो, सरस्वती देवी, इंदू देवी, नरगिस बानो सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।















