भानगढ़ में ‘मत्स्य उत्सव’ का पोस्टर विमोचन, पंच गौरव थीम पर आधारित विविध कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र

राजगढ़ (अलवर)। पर्यटन स्थल भानगढ़ में हर वर्ष की तरह इस बार भी आयोजित होने वाले मत्स्य उत्सव की तैयारियाँ शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में गाइडों और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में उत्सव के आधिकारिक पोस्टर का विमोचन किया गया। पोस्टर के माध्यम से उत्सव के दौरान होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों और प्रतियोगिताओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। पोस्टर विमोचन के अवसर पर पर्यटक गाइड राजेंद्र कुमार मीणा कुंडला ने बताया कि इस बार मत्स्य उत्सव की थीम “पंच गौरव” रखी गई है, जिसके अंतर्गत राजस्थान की सांस्कृतिक, प्राकृतिक और पर्यटन संपदाओं को प्रदर्शित किया जाएगा। विशेष रूप से सरिस्का टाइगर रिज़र्व की समृद्ध जैव विविधता व पर्यटन महत्व को प्रमुखता से दर्शाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि उत्सव को और अधिक रोचक व आकर्षक बनाने के लिए कई सांस्कृतिक और खेलकूद आधारित प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएंगी। इनमें लोक नृत्य, घूमर, हरियाणवी नृत्य, पंजाबी भांगड़ा जैसे पारंपरिक नृत्य प्रमुख आकर्षण रहेंगे। इसके साथ ही फोटो प्रदर्शनी, साइकिलिंग प्रतियोगिता, रंगोली प्रतियोगिता और अन्य कई गतिविधियों के माध्यम से स्थानीय कला और प्रतिभा को मंच प्रदान किया जाएगा। भानगढ़ जैसे ऐतिहासिक पर्यटन स्थल पर इस तरह का आयोजन पर्यटकों के लिए विशेष अनुभव लेकर आएगा और स्थानीय संस्कृति को नई पहचान देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उत्सव का मुख्य आकर्षण अंतिम दिन आयोजित होने वाला भव्य सांस्कृतिक संध्या कार्यक्रम रहेगा, जिसमें बॉलीवुड सिंगर अमित मिश्रा अपनी प्रस्तुति देंगे। उनकी लाइव परफॉर्मेंस से कार्यक्रम में उत्साह और ऊर्जा का संचार होगा तथा दूर-दूर से आने वाले पर्यटक इस पल के साक्षी बनेंगे। उत्सव का उद्देश्य स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा देना, राजस्थान की सांस्कृतिक धरोहर को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत करना और क्षेत्रीय कलाकारों व पर्यटन से जुड़े लोगों को प्रोत्साहन देना है।

पोस्टर विमोचन के अवसर पर गाइड राजेंद्र मीणा कुंडला, सुरजन सिंह (टूरिज्म एलायंस फोर्स), सुरेंद्र सैनी (भानगढ़), प्रकाश शर्मा (गाइड), प्रमोद नरूका (गाइड), कैलाश मीणा, कौशल भानगढ़, मोहित मीणा सहित कई स्थानीय लोग और पर्यटक उपस्थित रहे। सभी ने उत्सव को सफल बनाने और इसे पर्यटन क्षेत्र में नया आयाम देने का संकल्प व्यक्त किया। भानगढ़ में होने वाला यह उत्सव न केवल सांस्कृतिक विविधता का संगम होगा, बल्कि पर्यटन को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण आयोजन भी बनेगा।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts