बांदा शहर कोतवाली क्षेत्र के मर्दन नाका इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया जब संदिग्ध परिस्थितियों में दो युवकों को गोली लग गई। दोनों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक युवक के हाथ और दूसरे के पैर में गोली लगने की पुष्टि हुई है। डॉक्टरों के मुताबिक, फिलहाल दोनों की हालत खतरे से बाहर है।
घटना को लेकर कई रहस्यमय पहलू सामने आ रहे हैं। घायलों ने बताया कि दो नकाबपोश बाइक सवार युवकों ने उन पर फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। हालांकि, पुलिस को दिए गए बयानों में विरोधाभास मिलने से जांच उलझ गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गोली चलने की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। प्रारंभिक जांच में इसे आपसी रंजिश या पुराने विवाद से जुड़ा मामला माना जा रहा है, लेकिन ठोस साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम और सीसीटीवी फुटेज की मदद ली जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच में तेजी लाई गई है और जल्द ही इस पूरे मामले का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल मर्दन नाका क्षेत्र में भय और सन्नाटा छाया हुआ है।















