मुजफ्फरनगर में शातिर चोरों और लुटेरों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत खतौली पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक नगर के निकट पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी खतौली के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में पुलिस को बड़ी सफलता मिली।
खतौली पुलिस गंगनहर पटरी पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान एक संदिग्ध महिंद्रा ट्रैक्टर तेज गति से आता दिखा, जिस पर दो लोग सवार थे। पुलिस टीम ने ट्रैक्टर को रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने रुकने के बजाय तेज गति से ट्रैक्टर भगाने की कोशिश की। पुलिस टीम ने पीछा किया, जिससे घबराकर ट्रैक्टर असंतुलित होकर मुसद्दी की बगिया में घुस गया।
पुलिस ने घेराबंदी की, लेकिन बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया और उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दूसरा बदमाश फरार हो गया। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक अवैध हथियार और चोरी का महिंद्रा ट्रैक्टर बरामद किया गया है, जो दिल्ली से चोरी किया गया था। फरार बदमाश की तलाश में कांबिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।















