जयपुर ग्रामीण जिले की चंदवाजी थाना पुलिस ने ऑपरेशन नॉकआउट अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 52 लाख रुपये अंतरराष्ट्रीय कीमत की 260 ग्राम स्मैक जप्त की है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी श्यामलाल नायक (33) निवासी जुगलपुरा, थाना चंदवाजी को गिरफ्तार किया है।
जयपुर ग्रामीण के उप-महानिरीक्षक पुलिस एवं पुलिस अधीक्षक आनंद शर्मा ने बताया कि जिले में शैक्षणिक संस्थानों के आसपास युवाओं में बढ़ते नशे की प्रवृत्ति को देखते हुए अवैध मादक पदार्थों की बिक्री की रोकथाम के लिए अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रजनीश पूनिया के निर्देशन में इस ऑपरेशन को अंजाम दिया जा रहा है।
वृत्ताधिकारी जमवारामगढ़ प्रदीप सिंह यादव के सुपरविजन और थानाधिकारी चंदवाजी हीरालाल सैनी के नेतृत्व में गठित टीम को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति चंदवाजी से निम्स की ओर स्मैक लेकर जा रहा है। इस आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया और उसके पास से भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ बरामद किया।
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर लिया गया है और अनुसंधान एसएचओ मनोहरपुर भगवान सहाय द्वारा किया जा रहा है। वहीं, मादक पदार्थ की सप्लाई करने वाले मुख्य आरोपी दीपू के बारे में भी गहनता से जांच जारी है।
डीआईजी आनंद शर्मा ने बताया कि जिले में अवैध नशे के कारोबार को खत्म करने के लिए ऑपरेशन नॉकआउट के तहत लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। इससे पहले भी इस अभियान के तहत कई नशा कारोबारियों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ, नशीली दवाइयां और शराब जप्त की गई थी।
इस कार्रवाई में एसएचओ हीरालाल सैनी के नेतृत्व में कांस्टेबल रोहिताश की विशेष भूमिका रही, साथ ही एएसआई बन्ने सिंह, हेड कांस्टेबल रामरतन, सुभाष चंद, अजय कुमार, धर्मवीर, रामनिवास और महिला कांस्टेबल ममता का भी सराहनीय योगदान रहा।















