बांदा में पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में अपराधियों पर नियंत्रण और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु अभियान जारी है। इसी के तहत अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज व क्षेत्राधिकारी नरैनी अम्बुजा त्रिवेदी के नेतृत्व में थाना नरैनी व एसओजी की संयुक्त टीम ने 3 अभियुक्तों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम पनगरा नहर के पास पहाड़ की खदान में कुछ लोग चोरी के इरादे से इकट्ठा हैं। टीम ने छापेमारी कर घेराबंदी की तो अभियुक्तों ने पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में तीनों अभियुक्त पकड़े गए। उनके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, चारपहिया वाहन और चोरी का माल बरामद हुआ। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे इसी वाहन से चोरी करते हैं और चोरी की हुई संपत्ति साझा करते हैं। वे कई चोरी की घटनाओं में शामिल रहे हैं, जिनमें बैटरी चोरी, सरकारी स्कूल में ताले तोड़कर सामान चोरी करना और आभूषण की दुकान का शटर काटकर चोरी करना शामिल है। गिरफ्तार अभियुक्त शीबू अंसारी, रवि राजपूत और अरुण कुमार हैं। पुलिस इस मामले की आगे जांच कर रही है।















