बबेरू तहसील सभागार में जिलाधिकारी जे रिभा और पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान बबेरू क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए फरियादियों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं और कुल 111 प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए गए। मौके पर 13 प्रार्थना पत्रों का त्वरित निस्तारण किया गया, जबकि शेष को संबंधित अधिकारियों को सौंपकर एक सप्ताह के अंदर समाधान के निर्देश दिए गए। समाजसेवी पीसी पटेल ने जन समस्याओं के निस्तारण में विलंब और जांच की कमी पर नाराजगी जताई। उन्होंने बताया कि कई गांवों में सड़कों की खराब हालत, जल जीवन मिशन के तहत पेयजल न मिलने, बिजली कटौती, और कीचड़ के कारण मच्छरजनित बीमारियों की समस्या बनी हुई है। इसके समाधान के लिए यदि कार्यवाही नहीं हुई तो वे ग्रामीणों के साथ अनशन पर बैठेंगे। फरियादियों ने यह भी आरोप लगाया कि प्रार्थना पत्रों की रसीद नहीं दी गई और अधिकारी काउंटर बंद करके चले गए, जिससे उनमें आक्रोश व्याप्त रहा। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी नमन मेहता, तहसीलदार लखनलाल राजपूत, नायब तहसीलदार मनोहर सिंह, खंड विकास अधिकारी अजय पांडे, एवं अन्य अधिकारियों समेत थाने के प्रभारी निरीक्षक भी उपस्थित रहे।















