मुजफ्फरनगर: खतौली में पुलिस मुठभेड़, डकैती के दो आरोपी घायल हालत में गिरफ्तार,

मुजफ्फरनगर जनपद के थाना खतौली क्षेत्र में हुई डकैती की घटना का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए मुठभेड़ के बाद दो शातिर आरोपियों को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन और पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण तथा पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत, क्षेत्राधिकारी खतौली राम आशीष यादव और थाना प्रभारी खतौली दिनेश चन्द्र के नेतृत्व में की गई।

घटना थाना खतौली के मोहल्ला लाल मोहम्मद की है, जहां अज्ञात अभियुक्तों ने एक घर में घुसकर वहां मौजूद लोगों को अवैध शस्त्र दिखाकर डराया-धमकाया और नगदी व आभूषण लूट लिए थे। पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना खतौली पर बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्वयं घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीमों का गठन किया।

25 दिसंबर 2025 को थाना खतौली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि डकैती की घटना को अंजाम देने वाले आरोपी गंग नहर की ओर जाने वाले रास्ते से भागने की फिराक में हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने गंग नहर खतौली, लोहे के पुल के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग शुरू की। इसी दौरान मेरठ की ओर से एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर दोनों ने मोटरसाइकिल नहीं रोकी और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करते हुए तहसील रोड की ओर भागने लगे। बदमाशों की फायरिंग से पुलिस टीम बाल-बाल बची।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मोटरसाइकिल का पीछा किया और थाना स्तर पर अन्य टीमों को अलर्ट किया गया। पूर्व नियोजित योजना के तहत तहसील की ओर से दूसरी पुलिस टीम को सामने देखकर बदमाश अपनी मोटरसाइकिल मौके पर छोड़कर पुलिस पर फायरिंग करते हुए जंगल की ओर भागने लगे। पुलिस द्वारा बार-बार फायरिंग बंद कर आत्मसमर्पण की चेतावनी दी गई, लेकिन बदमाश लगातार जान से मारने की नीयत से गोली चलाते रहे।

स्थिति को नियंत्रित करने और आत्मरक्षा के उद्देश्य से पुलिस टीम ने साहस का परिचय देते हुए सूक्ष्म जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने दोनों को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से डकैती से संबंधित नगदी, पीली व सफेद धातु के आभूषण और अवैध शस्त्र बरामद किए गए हैं।

घायल आरोपियों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस द्वारा अभियुक्तों की गिरफ्तारी और बरामदगी के संबंध में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस सफल कार्रवाई से क्षेत्र में दहशत फैलाने वाले अपराधियों पर पुलिस की सख्ती एक बार फिर सामने आई है और आम जनता ने राहत की सांस ली है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts