अटल बिहारी वाजपेई जयंती पर डीएवी डिग्री कॉलेज में जनपद स्तरीय कार्यक्रम, छात्रों को किया गया सम्मानित

मुजफ्फरनगर में भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई के जन्मदिवस के अवसर पर 25 दिसंबर 2025 को जनपद स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन डीएवी डिग्री कॉलेज में भव्य रूप से किया गया। कार्यक्रम में जनपद के प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्यों, शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंत्री कपिल देव अग्रवाल रहे। उनके साथ जिला पंचायत अध्यक्ष वीरपाल निर्वाल, नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष सुधीर सैनी, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित अन्य अधिकारी मंचासीन रहे। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी रणवीर सिंह, प्रधानाचार्य दीन मोहम्मद राजकीय इंटर कॉलेज कम्हेड़ा रहे। सह संयोजक के रूप में आशीष द्विवेदी, प्रधानाचार्य राजकीय इंटर कॉलेज बहादुरपुर की भूमिका रही।

इस अवसर पर पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज मुजफ्फरनगर, छोटू राम इंटर कॉलेज मुजफ्फरनगर, डीएवी इंटर कॉलेज सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राएं और शिक्षक उपस्थित रहे। डीएवी डिग्री कॉलेज की पूरी टीम ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। कार्यक्रम का वातावरण अनुशासित, प्रेरणादायी और राष्ट्रभाव से ओतप्रोत रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रेरणा स्थल से संबोधन के साथ हुई, जिसका सजीव प्रसारण मुजफ्फरनगर में किया गया। उपस्थित जनसमूह ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विचारों को ध्यानपूर्वक सुना। उनके संदेशों में अटल बिहारी वाजपेई के विचारों, लोकतांत्रिक मूल्यों, सुशासन और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान जनपद स्तर पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता और काव्य पाठ प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले कुल नौ छात्र-छात्राओं को क्रमशः 10 हजार, 5 हजार और 3 हजार रुपये के चेक प्रदान किए गए। मंचासीन अतिथियों द्वारा विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया गया और उन्हें आगे भी ऐसे रचनात्मक एवं बौद्धिक आयोजनों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने अटल बिहारी वाजपेई के व्यक्तित्व और कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने अटल जी को एक दूरदर्शी नेता, प्रखर वक्ता, संवेदनशील कवि और समर्पित राष्ट्रसेवक बताया। उन्होंने कहा कि अटल जी का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं।

अंत में डीएवी डिग्री कॉलेज की प्रधानाचार्य गरिमा जैन ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, शिक्षकों, छात्रों और आयोजकों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के सफल समापन की घोषणा की।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts