चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग दिल्ली पहुंच गए हैं और वह यहां ब्रिक्स समिट में हिस्सा लेंगे. लेकिन उनकी दिल्ली यात्रा से पहले ही उनकी सुरक्षा को लेकर कड़े इंतजाम किए गए हैं. उनकी सुरक्षा के लिए जमीन से लेकर आसमान तक अभेद्य घेरा लगाया गया है. यही नहीं भारतीय सुरक्षा एजेंसियां चीनी सुरक्षा एजेंसियों से लगातार संपर्क में भी हैं. NSG और SPG चीनी सुरक्षा एजेंसियों के साथ कॉर्डिनेशन में लगी हैं.
होटल के बाहर दिल्ली पुलिस के SWAT कमांडो और स्पेशल सेल के अधिकारी पैरा मिलिट्री फोर्सेज के साथ तैनात किया गया है. जिनपिंग दिल्ली के होटल ताज पैलेस में ठहरे हैं. होटल के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. भारी फोर्स के साथ बड़ी संख्या में CCTV कैमरे लगाए गए हैं.जिनपिंग की सुरक्षा की सबसे अहम बात यह है कि खतरा सामने आने का इंतजार नहीं किया जाएगा, बल्कि राष्ट्रपति के पहुंचने से पहले ही पूरे इलाके, रूट, होटल और संभावित खतरे को न्यूट्रलाइज करना है.जिनपिंग की सुरक्षा व्यवस्था सिर्फ उनके आसपास तैनात सुरक्षाकर्मियों तक सीमित नहीं रहती. उनकी सुरक्षा में इलाके को कंट्रोल में लेना, पहले से सुरक्षा ऑडिट, टेक्निकल सर्विलांस और विशेष सुरक्षा वाहनों का इस्तेमाल शामिल होता है
शी जिनपिंग की सुरक्षा से जुड़ी खास बातें
चीनी राष्ट्रपति की सुरक्षा की जिम्मेदारी सेंट्रल गार्ड ब्यूरो के पास होती है और उनकी मुख्य सुरक्षा सेंट्रल गार्ड ब्यूरो संभालता है. इसमें PLA के बेहद चुनिंदा और वफादार कमांडो शामिल किए जाते हैं.जिनपिंग जहां भी जाते हैं, पूरा इलाका लॉकडाउन की स्थिति में आ जाता है. उनके दौरे के दौरान उनके कार्यक्रम स्थल और आसपास के पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में लेकर आम आवाजाही को रोक दिया जाता है. उनकी सुरक्षा को लेकर बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाते हैं. ये अलग-अलग सुरक्षा घेरे में रहकर राष्ट्रपति के आसपास की गतिविधियों पर नजर रखते हैं.
राष्ट्रपति के दौरे से पहले पूरा सुरक्षा ऑडिट
जिनपिंग के पहुंचने से काफी पहले चीनी सुरक्षा और खुफिया अधिकारी उस जगह का मुआयना करते हैं. होटल, कार्यक्रम स्थल, रास्ते और आसपास के इलाकों की सुरक्षा जांच की जाती है. यहां तक एयरस्पेस और हवा तक की निगरानी होती है.उनकी विदेश यात्रा के दौरान चीनी एजेंसियां गंतव्य शहर के एयरस्पेस, वेंटिलेशन सिस्टम और हवा के फ्लो तक की जांच कर सकती हैं, ताकि किसी संभावित खतरे को पहले ही पहचाना जा सके.
AI फेसियल रिकग्निशन- साइबर इंटेलिजेंस
सुरक्षा व्यवस्था में AI आधारित फेसियल रिकग्निशन कैमरे और एडवांस साइबर इंटेलिजेंस तकनीक का भी इस्तेमाल किया जाता है. संदिग्ध गतिविधियों और लोगों की पहचान में तकनीक अहम भूमिका निभाती है.यही नहीं वह जिस होटल में जिनपिंग ठहरते हैं, वहां की संचार व्यवस्था, इंटरनेट और नेटवर्क एक्सेस के साथ-साथ होटल के इंफ्रास्ट्रक्चर की भी कड़ी जांच और निगरानी की जा सकती है. विदेश दौरों के दौरान सैकड़ों चीनी सुरक्षा एजेंट सादे कपड़ों में पहले से पहुंच सकते हैं. ये स्थानीय सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर संभावित खतरों का आकलन करते हैं.यह सारी तैयारी उनकी यात्रा से कई दिन पहले शुरू हो जाती है. सुरक्षा एजेंट सिर्फ जिनपिंग के पहुंचने के समय सक्रिय नहीं होते, बल्कि कई दिन पहले पहुंचकर चुपचाप सुरक्षा ऑडिट शुरू कर सकते हैं.
विशेष बुलेटप्रूफ कार Hongqi N701
जिनपिंग के लिए चीन की विशेष Hongqi N701 लिमोजिन कार का इस्तेमाल किया जाता है. इसे बेहद उच्च सुरक्षा वाली आधिकारिक कार के तौर पर तैयार किया गया है और रिपोर्टों में इसे रॉकेट हमले जैसे खतरों से सुरक्षा देने में सक्षम बताया गया है.विदेश यात्रा के दौरान चीनी सुरक्षा टीम मेजबान देश की सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर रूट, होटल, कार्यक्रम स्थल और आसपास के इलाकों की सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप देती है.























































