मुजफ्फरनगर में स्कूटी सवार युवक के साथ मारपीट, अपहरण और लूट की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए चार आरोपियों (एक महिला सहित) को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन और पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर रेंज के निर्देशन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में की गई। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, क्षेत्राधिकारी जानसठ ऋषिका सिंह और थाना रामराज प्रभारी ज्ञानेन्द्र सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से पकड़ने में सफलता हासिल की।
घटना के संबंध में वादी ने थाना रामराज में लिखित तहरीर देकर बताया था कि उसका भाई स्कूटी से जा रहा था। तभी ग्राम हाशमपुर के सामने ओवरब्रिज के पास एक कार में सवार आरोपियों ने उसकी स्कूटी में टक्कर मारकर उसे गिरा दिया। इसके बाद आरोपियों ने उसे जबरन कार में बैठा लिया और ग्राम मुझेडा के एक बाग में ले जाकर उसके साथ मारपीट की। आरोपियों ने युवक से नगदी लूट ली और उसका एटीएम कार्ड छीनकर पिन पूछ लिया। इसके बाद आरोपियों ने एटीएम से 20 हजार रुपये भी निकाल लिए।
पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना रामराज पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू की। पुलिस टीमों का गठन कर आरोपियों की तलाश में दबिश दी गई। जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में नईम, अनस, सुमित सैनी और एक महिला शामिल हैं, जो सभी मुजफ्फरनगर जनपद के अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक स्विफ्ट कार, एक मोटरसाइकिल, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, 5800 रुपये नकद, एक मोबाइल फोन, एक अवैध तमंचा मय दो कारतूस और दो अवैध चाकू बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस सफल खुलासे से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में भरोसा बढ़ा है।
























































