मुजफ्फरनगर में जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर जिला पंचायत सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण ने की। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जनगणना की प्रक्रिया, समय-सीमा और जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि वर्ष 2021 में प्रस्तावित जनगणना कोरोना महामारी के कारण पूरी नहीं हो सकी थी, जिसे अब 2027 के नाम से पुनः शुरू किया जा रहा है। इस बार जनगणना को पूरी तरह डिजिटल स्वरूप दिया गया है, जिससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और तेज होगी।
उन्होंने जानकारी दी कि जनगणना का पहला चरण 7 मई से 21 मई 2026 तक चलेगा, जिसमें नागरिकों को सेल्फ एन्यूमरेशन (स्वयं गणना) का अवसर दिया जाएगा। इसके तहत लोग निर्धारित पोर्टल पर लॉगिन कर अपनी व्यक्तिगत जानकारी स्वयं भर सकेंगे। इस प्रक्रिया में कुल 33 प्रश्नों के उत्तर देने होंगे, जिनमें चौथे प्रश्न से आगे की जानकारी विशेष रूप से महत्वपूर्ण होगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे स्वयं भी इस प्रक्रिया को अपनाएं और अन्य कर्मचारियों व आम जनता को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने यह भी कहा कि जब प्रगणक घर-घर सर्वे के लिए पहुंचे, तब नागरिक अपने सेल्फ एन्यूमरेशन की आईडी साझा करें, जिससे डेटा एंट्री में समय की बचत हो सके।
बैठक में बताया गया कि दूसरे चरण में मकानों की गणना का कार्य 22 मई से 20 जून तक किया जाएगा। इस दौरान प्रगणक प्रत्येक घर पर जाकर भवन स्वामियों से आवश्यक जानकारी एकत्र करेंगे। अपर जिला अधिकारी एफ एंड आर गजेंद्र कुमार ने जानकारी दी कि पूरे जनपद को 14 क्षेत्रों में विभाजित कर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। उन्होंने सभी विभागों से अपील की कि वे स्वयं सेल्फ एन्यूमरेशन करें और अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को भी इसके लिए प्रोत्साहित करें।
इसके अलावा विभिन्न वर्गों जैसे जनप्रतिनिधि, मीडिया, संस्थाएं, पुलिस, अर्धसैनिक बल, वकील और न्यायिक अधिकारियों के लिए अलग-अलग तिथियां निर्धारित की गई हैं, ताकि प्रक्रिया सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। 7 मई को कलेक्ट्रेट कर्मियों, राजस्व विभाग, जीएसटी, स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन तथा आबकारी विभाग के कर्मचारियों के लिए तिथि निर्धारित की गई है। अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए गए कि यदि किसी को प्रक्रिया में कोई समस्या आती है, तो वे नामित नोडल अधिकारी से संपर्क कर समाधान प्राप्त कर सकते हैं।























































