मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और दुर्घटनामुक्त ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से रिजर्व पुलिस लाइन में जनपद तथा अन्य जिलों से आए पुलिस बल की विशेष ब्रीफिंग आयोजित की गई। इस दौरान जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने सभी अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। ब्रीफिंग के बाद सभी पुलिस बल को उनके निर्धारित ड्यूटी प्वाइंटों के लिए रवाना किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान प्रत्येक पुलिसकर्मी पूरी सतर्कता, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभाए, ताकि लाखों शिवभक्तों की यात्रा सुरक्षित और सुगम बनी रहे।
ब्रीफिंग के दौरान पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया गया कि कांवड़ श्रद्धालुओं के साथ हमेशा विनम्र और सहयोगात्मक व्यवहार रखें तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराएं। किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वाले, शरारती तत्वों या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले लोगों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही यात्रा मार्ग पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, अनावश्यक जाम नहीं लगने देने, भीड़भाड़ और संवेदनशील स्थानों पर लगातार भ्रमणशील रहने तथा वायरलेस और अन्य संचार माध्यमों से निरंतर संपर्क बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय ही यात्रा को सफल बनाने की सबसे बड़ी कुंजी होगी।
कांवड़ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पूरे जनपद को 9 सुपर जोन, 16 जोन, 89 सेक्टर और 141 सब-सेक्टर में विभाजित किया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर एटीएस टीम, डॉग स्क्वॉड, बम निरोधक दस्ता (बीडीएस), एस-चेक टीम, फ्लड पीएसी और पीएसी की विशेष तैनाती की गई है। त्वरित निगरानी और समन्वय के लिए 14 कंट्रोल रूम तथा 3 सब-कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शिव चौक, रामपुर तिराहा और शुक्रताल में तीन अस्थायी थाने बनाए गए हैं, जबकि पूरे यात्रा मार्ग पर 19 अस्थायी पुलिस चौकियां भी संचालित की जाएंगी।
जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने पुलिस बल का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि मुजफ्फरनगर कांवड़ यात्रा का प्रमुख पड़ाव है और यहां आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने पुलिसकर्मियों से धैर्य, संवेदनशीलता और पूरी निष्ठा के साथ ड्यूटी करने का आह्वान किया, ताकि हर शिवभक्त सुरक्षित, सहज और सकारात्मक अनुभव के साथ अपनी यात्रा पूरी कर सके। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ, पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे, सहायक पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के. मिश्रा सहित प्रशासन और पुलिस विभाग के सभी राजपत्रित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
























































