आकांक्षा कॉलेज स्पोर्ट्स मीट में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, पदक पाकर खिले विद्यार्थियों के चेहरे

मुजफ्फरनगर। मीरापुर स्थित आकांक्षा कॉलेज में आयोजित दो दिवसीय स्पोर्ट्स मीट का समापन आज पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ। पूरे आयोजन में कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी करते हुए बेहतरीन खेल कौशल का प्रदर्शन किया। मैदान में खिलाड़ियों के जोश और उत्साह ने पूरे वातावरण को ऊर्जावान बना दिया। समापन समारोह में आए मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों ने खिलाड़ियों को पदक और स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आजाद सिंह, पूर्व महापौर दिल्ली उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में अखिलेश चौधरी, राष्ट्रीय अध्यक्ष भारतीय किसान यूनियन संघर्ष मोर्चा; चौधरी नरेंद्र सिंह, ब्लॉक प्रमुख जानसठ; नरेश पाल, राष्ट्रीय प्रवक्ता भारतीय किसान यूनियन संघर्ष मोर्चा; ओम प्रकाश सिंह, थाना प्रभारी मीरापुर और ग्राम प्रधान राजेंद्र सिंह मौजूद रहे। कॉलेज के अध्यक्ष एडवोकेट आर. पी. सिंह एवं प्राचार्या डॉ. अनुराधा मलिक ने सभी अतिथियों का बुके देकर स्वागत किया।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि आजाद सिंह ने छात्रों को खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं कस्बाई क्षेत्रों के बच्चे प्रतिभा से भरपूर हैं और यदि सही मार्गदर्शन मिले तो यह खिलाड़ी देश का नाम रोशन कर सकते हैं। विशिष्ट अतिथि अखिलेश चौधरी ने भी सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेलों के माध्यम से सरकारी सेवाओं में भी बेहतर अवसर प्राप्त किए जा सकते हैं और युवा खेलों के क्षेत्र में उज्ज्वल भविष्य बना सकते हैं।

मीरापुर थाना प्रभारी ओम प्रकाश सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि आज खेलों में रोजगार की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने अनुज चौधरी का उदाहरण देते हुए बताया कि उन्होंने कुश्ती से अपना करियर शुरू किया और आज उत्तर प्रदेश पुलिस में पुलिस अधीक्षक के पद पर कार्यरत हैं। अतिथियों के प्रेरणादायक संदेशों ने सभी छात्रों में उत्साह और आत्मविश्वास भर दिया।

पुरस्कार वितरण के दौरान स्पोर्ट्स मीट में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का खिताब वरदान राव और स्नेहा सैनी ने अपने नाम किया। इन्हें मुख्य अतिथि आजाद सिंह ने मेडल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। छात्राओं की 100 मीटर दौड़ में स्नेहा सैनी पहले स्थान पर रहीं, इल्मा ने दूसरा स्थान और भारती ने तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं छात्रों की 100 मीटर दौड़ में सुहेल ने प्रथम, वरदान ने द्वितीय और आदित्य ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अतिथियों ने सभी विजेताओं को पदक प्रदान कर सम्मानित किया।

टीम प्रतियोगिताओं में भी खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। रस्साकशी में सिद्धांत कुमार की टीम विजयी रही, जबकि खो-खो में मनतशा की टीम ने जीत हासिल की। विजेताओं को ओम प्रकाश सिंह ने मेडल देकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम के अंत में कॉलेज अध्यक्ष और प्राचार्या ने सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर धन्यवाद ज्ञापित किया। प्राचार्या डॉ. अनुराधा मलिक ने अपने संदेश में कहा कि इस स्पोर्ट्स मीट का उद्देश्य छात्रों में अनुशासन, टीम भावना, जीत-हार को सकारात्मक रूप से स्वीकारने की क्षमता और निष्पक्ष खेल की भावना को विकसित करना है। साथ ही उभरते खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराना भी इस आयोजन का प्रमुख लक्ष्य है।

स्पोर्ट्स मीट का सफल संचालन कॉलेज के सहायक प्रोफेसर एवं सचिव रणजीत सिंह ने किया। इस अवसर पर महेश कुमार, सुभाष चंद, पंकज कुमार, लोकेश कुमार, शिव प्रताप सिंह, अक्षय बालियान, हैदर हाशमी, अक्षिता चौधरी, हिमानी पाल, मानसी शर्मा, कुसुम साहू, पायल साहू, रेखा पाल, नजमा खान, ज्योति, टीना डाबी सहित कॉलेज के लिपिक राहुल रस्तोगी और धीरज शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts