आगामी पर्वों को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए मुजफ्फरनगर में शांति समिति की बैठक आयोजित.

मुजफ्फरनगर में आगामी पर्वों एवं त्योहारों संत रविदास जयंती और शब-ए-बारात को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिला पंचायत सभागार में शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने संयुक्त रूप से की। इस बैठक में जनपद के गणमान्य एवं संभ्रांत नागरिकों, विभिन्न धर्मों के धर्मगुरुओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा प्रशासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने शांति समिति के सदस्यों से उनकी समस्याओं और सुझावों के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने आश्वस्त किया कि जो भी समस्याएं सामने आई हैं, उनके शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे एक-दूसरे की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करें और आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाएं, ताकि जनपद में कानून व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बना रहे।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पर्वों के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या शांति भंग करने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई व्यक्ति या समूह साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने, अफवाह फैलाने या असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी से अनुरोध किया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल जिला प्रशासन या पुलिस प्रशासन को दें।

बैठक में यह भी विशेष रूप से कहा गया कि लोग किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। यदि कोई भ्रामक सूचना या संदेश प्राप्त होता है तो उसकी पुष्टि प्रशासन या उच्चाधिकारियों से करें। सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए अधिकारियों ने अपील की कि कोई भी व्यक्ति ऐसी पोस्ट, फोटो या वीडियो साझा न करे जिससे किसी की धार्मिक भावनाएं आहत हों या समाज में तनाव उत्पन्न हो। भड़काऊ, गलत या अशोभनीय सामग्री के प्रसार से बचने पर जोर दिया गया।प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए कि संत रविदास जयंती और शब-ए-बारात के दौरान निकलने वाली शोभायात्राओं और जुलूसों में शांति, अनुशासन और धार्मिक सौहार्द बनाए रखा जाए। शासन द्वारा जारी गाइडलाइंस का सख्ती से पालन करने और किसी भी प्रकार की नई परंपरा शुरू न करने के निर्देश भी दिए गए। ध्वनि प्रदूषण, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा मानकों का ध्यान रखने पर भी जोर दिया गया।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल, सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर, समस्त क्षेत्राधिकारी तथा पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। बैठक के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने जनपद में शांति और सौहार्द बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने का भरोसा दिलाया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts