मुजफ्फरनगर। आगामी त्योहारों एवं जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर थाना सिविल लाइन क्षेत्र स्थित महमूदिया मदरसा में पीस कमेटी बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में पुलिस प्रशासन, धर्मगुरुओं, व्यापारियों, मदरसा प्रबंधन समिति के सदस्यों तथा क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य सामाजिक सौहार्द, आपसी भाईचारा और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना रहा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में आयोजित बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन ने उपस्थित लोगों से संवाद करते हुए कहा कि मुजफ्फरनगर हमेशा से गंगा-जमुनी तहजीब और भाईचारे की मिसाल रहा है। उन्होंने कहा कि सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है कि शहर की इस पहचान को कायम रखें और किसी भी ऐसी गतिविधि से दूर रहें जिससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी विवादित या भड़काऊ सूचना को बिना सत्यापन के आगे साझा न करें।
बैठक के दौरान सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए लोगों को विशेष रूप से जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कई बार भ्रामक पोस्ट और अपुष्ट सूचनाएं समाज में तनाव की स्थिति पैदा कर देती हैं। ऐसे में किसी भी वायरल संदेश या वीडियो पर तुरंत विश्वास करने के बजाय उसकी सत्यता जांचना आवश्यक है। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अफवाह या कानून व्यवस्था से जुड़ी सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
पुलिस अधीक्षक नगर ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय से ही सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखा जा सकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनपद पुलिस आमजन की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है। बैठक में मौजूद लोगों ने भी पुलिस प्रशासन के प्रयासों की सराहना की और हर परिस्थिति में शांति एवं भाईचारा बनाए रखने का आश्वासन दिया।
इस दौरान सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ मिश्रा, थाना प्रभारी सिविल लाइन महावीर सिंह चौहान, स्थानीय जनप्रतिनिधि, मदरसा प्रबंधन समिति के सदस्य तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई, जहां सभी ने मिलकर सामाजिक एकता और शांति बनाए रखने का संकल्प लिया।















