मुजफ्फरनगर। भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान के बीच आमजन को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से गुडविल सोसायटी द्वारा शहर के प्रमुख स्थल शिव चौक पर शीतल जल सेवा का शुभारंभ किया गया। गुडविल सोसायटी के अध्यक्ष सुरेंद्र अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में सोसायटी के पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे। समाजसेवा और जनहित की भावना से शुरू की गई इस पहल का स्थानीय नागरिकों ने स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान सोसायटी के सदस्यों ने संयुक्त रूप से राहगीरों, व्यापारियों और आम लोगों को गर्मी से राहत दिलाने के लिए शीतल पेयजल उपलब्ध कराने का संकल्प लिया।
सोसायटी द्वारा शिव चौक के निकट स्थित पुलिस चौकी के पास बाटा शोरूम के बाहर लोहे का विशेष स्टैंड लगाया गया है, जिस पर प्रतिदिन शीतल जल से भरे 10 कैम्पर रखे जाएंगे। इसके साथ ही पानी पीने के लिए गिलास तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई हैं ताकि राहगीरों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। सोसायटी पदाधिकारियों ने बताया कि यदि गर्मी और लोगों की आवश्यकता को देखते हुए जरूरत महसूस हुई तो पानी के कैम्परों की संख्या और बढ़ाई जाएगी। उन्होंने कहा कि गर्मी के इस कठिन मौसम में लोगों को ठंडा पानी उपलब्ध कराना सबसे बड़ी सेवा है और इसी भावना के साथ यह अभियान शुरू किया गया है।
इस अवसर पर सोसायटी के सचिव होती लाल शर्मा ने कहा कि समाज के सक्षम लोगों को आगे बढ़कर जरूरतमंदों और आम नागरिकों की सहायता करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि गर्मी में राह चलते लोगों को शीतल जल उपलब्ध होना बहुत जरूरी है और यह सेवा पूरे गर्मी के मौसम में निरंतर जारी रहेगी। कार्यक्रम में बोरहन लाल, बृजमोहन, डॉक्टर विवेक कुमार, कीमतीलाल जैन, एल.के. मित्तल, मुनेश सिंघल, पीके गुप्ता, राहुल शर्मा एडवोकेट, आरके मलिक, रामवीर सिंह, कृष्ण अग्रवाल, विशाल कालरा, डॉ. विपिन गुप्ता, मास्टर विजय कुमार, राजन अग्रवाल, राजेंद्र साहनी सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने इस सेवा कार्य को समाज के लिए प्रेरणादायक बताते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहित कार्यों को जारी रखने का संकल्प लिया।















