मुजफ्फरनगर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के विचारों और सपा सरकार के दौरान चलाई गई जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से कुशीनगर से निकली सपा पीडीए साइकिल यात्रा का मुजफ्फरनगर पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी जिलाध्यक्ष ज़िया चौधरी एडवोकेट के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने सपा कार्यालय पर यात्रा में शामिल सपा प्रचारक कन्हैया निषाद का गर्मजोशी से अभिनंदन किया।
सपा कार्यालय पहुंचने पर कन्हैया निषाद ने कहा कि पीडीए साइकिल यात्रा का उद्देश्य समाज के पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों को एकजुट कर उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार की नीतियां जनविरोधी हैं और आम जनता महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा व स्वास्थ्य जैसी बुनियादी समस्याओं से जूझ रही है। ऐसे में समाजवादी पार्टी ही एकमात्र विकल्प है, जो सामाजिक न्याय और समावेशी विकास की बात करती है। उन्होंने कहा कि वह प्रदेश के समस्त जिलों में पहुंचकर जनता से भाजपा सरकार को हटाने और जनहितैषी सपा सरकार लाने की अपील कर रहे हैं।जिलाध्यक्ष ज़िया चौधरी एडवोकेट ने अपने संबोधन में कहा कि पीडीए साइकिल यात्रा समाजवादी विचारधारा को गांव-गांव और गली-गली तक पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के नेतृत्व में सपा सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए थे, जिन्हें जनता आज भी याद करती है। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में जनता एक बार फिर समाजवादी पार्टी को मौका देगी।
इस मौके पर सपा नेता साजिद हसन, समाजवादी शिक्षक सभा प्रदेश उपाध्यक्ष सत्येंद्र पाल, समाजवादी बाबा साहब अंबेडकर वाहिनी राष्ट्रीय सचिव पूजा अनिल अंबेडकर, सपा नेता रामपाल सिंह पाल, नदीम मलिक, नावेद रंगरेज, अनुराग पाल, रविन्द्र पाल सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने साइकिल यात्रा में शामिल प्रचारक का उत्साहवर्धन किया और यात्रा की सफलता की कामना की।कार्यक्रम के समापन पर सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा साइकिल यात्रा को जिला सहारनपुर के लिए रवाना किया गया। यात्रा के दौरान समाजवादी पार्टी की नीतियों, पुष्टि यादव एजेंडा और सामाजिक न्याय के संदेश को आम जनता तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया गया।















