जयपुर में राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस के 76वें समारोह की शाम को खास अंदाज़ में मनाया गया। राजस्थान पुलिस अकादमी के स्टेडियम में रंग-बिरंगे मंच और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में राहगीर उर्फ सुनील कुमार गुर्जर की कविता और गायन, अशोक शर्मा ब्रज होली मंडली डीग भरतपुर की प्रस्तुतियों ने माहौल को भक्ति और उल्लास से भर दिया। मधु भाट के राजस्थानी और बॉलीवुड गायन, रौनक-मोहित एंड पार्टी के इंस्ट्रूमेंटल वादन और फोर्थ आरएसी बैंड प्लाटून ने भी जमकर समां बांधा। मंच संचालन राकेश शर्मा और मिताली गर्ग ने शानदार ढंग से किया। “तमूरा झम झम बाजे” और “राधे-राधे” जैसे भक्तिमय भजनों पर दर्शक झूम उठे। समारोह में स्वादिष्ट भोजन की भी खास व्यवस्था की गई थी, जिसने शाम को और भी खास बना दिया। इस मौके पर सांसद मंजू शर्मा, मुख्य सचिव सुधांश पंत, पुलिस महानिदेशक उत्कल रंजन साहू, जयपुर पुलिस आयुक्त बीजू जॉर्ज जोसफ समेत कई वरिष्ठ अधिकारी व उनके परिवार मौजूद रहे। समस्त प्रदेश में यह गौरवशाली दिवस पूरे उत्साह और उल्लास से मनाया गया।















