राजगढ़ (अलवर) क्षेत्र में शराब के ठेके को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। डीएसपी ऑफिस के समीप राजगढ़-बांदीकुई सड़क मार्ग पर प्रस्तावित शराब के ठेके के विरोध में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष धरने पर बैठ गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह ठेका रिहायशी क्षेत्र और स्कूल के पास खोला जा रहा है, जिससे बच्चों और महिलाओं को असुविधा होगी। ग्रामीणों ने ठेका अन्यत्र स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की है।
इस संबंध में विरोध जताते हुए ग्रामीणों ने कल आबकारी अधिकारी, एसडीएम, नगरपालिका अधिशाषी अधिकारी और डीएसपी को ज्ञापन भी सौंपा था। प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने कहा कि शराब की दुकान से इलाके में सामाजिक माहौल खराब होगा और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा बढ़ेगा। धरने में शामिल पुरुषों का भी कहना है कि प्रशासन को जनभावनाओं का सम्मान करते हुए ठेके का स्थान बदला जाना चाहिए।
स्थानीय प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और मामले की जांच कर उचित निर्णय लेने का भरोसा दिलाया है। फिलहाल ठेके के विरोध में प्रदर्शन जारी है।















