स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में मुजफ्फरनगर में ‘जज्बा दौड़-11’ का आयोजन किया जा रहा है, जो पूरे शहर में देशभक्ति और शहीदों के प्रति सम्मान का प्रतीक बन गया है। यह दौड़ ऑपरेशन सिंदूर के समर्थन में आयोजित की जा रही है और इसमें मुजफ्फरनगर का हर नागरिक भागीदारी निभाकर अपने जज्बे का प्रदर्शन करेगा। 10 अगस्त रविवार को सुबह 5:30 बजे आयोजित इस दौड़ में हजारों की संख्या में लोग शामिल होंगे।जज्बा दौड़-11 को लेकर जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। रामायण में राम का किरदार निभा चुके अरुण गोविल, योग गुरु बाबा रामदेव और कल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम जैसे विशिष्ट लोग दौड़ को समर्थन दे चुके हैं। दौड़ में पूर्व केन्द्रीय मंत्री संजीव बालियान, कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, राज्य मंत्री कपिलदेव अग्रवाल, सांसद चंदन चौहान, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, एसएसपी संजीव वर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और सभी संगठन भाग लेंगे।दौड़ का शुभारंभ राजकीय इंटर कॉलेज के गेट नंबर 1 से होगा, जहां लड़कियों की दौड़ पहले शुरू की जाएगी। 15 मिनट बाद लड़कों की दौड़ गेट नंबर 2 से प्रारंभ होगी। दोनों वर्गों की दौड़ के शुभारंभ में जनप्रतिनिधि और अधिकारी केसरिया झंडी लहराकर कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। दौड़ की दूरी लगभग 3 किलोमीटर रखी गई है, जो विभिन्न प्रमुख स्थलों से गुजरते हुए वापस इंटर कॉलेज मैदान में समाप्त होगी। समापन पर सांस्कृतिक कार्यक्रम और पुरस्कार वितरण होगा।जिला प्रशासन, पुलिस, नगरपालिका और अन्य संगठनों ने इस आयोजन को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियाँ की हैं। सुरक्षा, चिकित्सा, जल व्यवस्था, ट्रैफिक कंट्रोल और स्वागत की सारी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं। हर पंजीकृत प्रतिभागी को टी-शर्ट दी जाएगी और लाखों रुपये के इनाम लकी ड्रा के माध्यम से दिए जाएंगे। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले लड़के और लड़की को एक-एक स्कूटर तथा 15 साइकिल सहित अन्य उपयोगी पुरस्कार भी वितरित किए जाएंगे।इस आयोजन के माध्यम से ‘हर घर तिरंगा’ और ‘घर घर तिरंगा’ अभियान को भी जन-जन तक पहुँचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। 7 अगस्त को शाम 4 बजे गांधी वाटिका से जज्बा-11 बाइक रैली निकाली जाएगी, जिसका नेतृत्व जिलाधिकारी और भाजपा जिलाध्यक्ष करेंगे। यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए रेश विहार में समाप्त होगी।इस अवसर पर कई प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ता, संगठन प्रतिनिधि और उत्साही युवा भी मौजूद रहे और आयोजन को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया। जज्बा दौड़-11 न केवल शहीदों को श्रद्धांजलि है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को देशसेवा की प्रेरणा देने वाला आयोजन बनकर सामने आ रहा है।















