मुजफ्फरनगर में RSS के 100 वर्ष पूरे होने पर पसमांदा मुस्लिम समाज ने पुष्प वर्षा कर दिया भाईचारे का संदेश

मुजफ्फरनगर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष में एक विशाल पथ संचलन का आयोजन किया गया। यह पथ संचलन रामलीला ग्राउंड से प्रारंभ होकर हनुमान चौक, पंचमुखी, लद्दावाला सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ पुनः रामलीला टीला ग्राउंड पर संपन्न हुआ। इस अवसर पर हिंदुस्तानी पसमांदा मंच के मार्गदर्शक इंद्रेश कुमार और राष्ट्रीय संयोजक शमशाद मीर के दिशा-निर्देश पर मंच से जुड़े मुस्लिम समाज के लोगों ने पुष्प वर्षा कर आपसी सौहार्द और भाईचारे का अद्भुत संदेश दिया।

राष्ट्रीय प्रवक्ता मोहम्मद रिज़वान अंसारी की अगुवाई में हिंदुस्तानी पसमांदा मंच की टीम ने जगह-जगह पथ संचलन पर पुष्प वर्षा की। उन्होंने बताया कि संगठन अपने मार्गदर्शक इंद्रेश कुमार के दिखाए मार्ग पर चलते हुए समाज में एकता, शांति और आपसी सम्मान की भावना को मजबूत बनाने के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरनगर की यह भूमि गंगा-जमुनी तहजीब की प्रतीक रही है, और आज का यह दृश्य उसी परंपरा का सुंदर उदाहरण है।

इस मौके पर विभिन्न धर्मों के लोगों ने भी पथ संचलन पर पुष्प वर्षा कर सद्भावना का परिचय दिया। कार्यक्रम में हिंदुस्तानी पसमांदा मंच के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष इदरीस खान, मदरसा प्रकोष्ठ के मौलाना सदरी आलम, जिला प्रकोष्ठ के कारी आस मोहम्मद, जिला मीडिया प्रभारी आमिर मिर्ज़ा, क्षेत्रीय संयोजक रविश अंसारी, मोहम्मद साजिद और मदरसा प्रकोष्ठ के जिला उपाध्यक्ष सहित दर्जनों पदाधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान माहौल पूरी तरह शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण रहा। उपस्थित लोगों ने कहा कि यह आयोजन इस बात का प्रमाण है कि जब सभी समुदाय एक साथ आएं तो देश में अमन, एकता और भाईचारा अपने आप स्थापित होता है। मुजफ्फरनगर ने एक बार फिर गंगा-जमुनी संस्कृति की मिसाल पेश की।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts