अलवर जिले के मालाखेड़ा स्टेट हाईवे-25 स्थित महुआ खुर्द टोल नाके के पास नाहरपुर गांव के एक युवक की संदिग्ध मौत का मामला गरमा गया है। शुक्रवार को उद्योग नगर थाना क्षेत्र और आसपास के विभिन्न गांवों से सैकड़ों लोग मालाखेड़ा थाने पहुंचे और थानाधिकारी से इस संबंध में विस्तार से बातचीत की।
पंचायत समिति सदस्य रूप सिंह चौधरी, बलबीर सिंह जाट, वीर सिंह बंबोली, वीरेंद्र राठी, सुनील चौधरी समेत अनेक किसान, ग्रामीण और प्रबुद्ध जन प्रतिनिधियों ने थाने में मृतक को न्याय दिलाने की मांग की। रूप सिंह चौधरी ने जानकारी दी कि नाहरपुर निवासी राम भरोसे (30 वर्ष), पुत्र राम किशोर, जाति जाट, दो दिन पहले अचानक घर से गायब हो गया था। बाद में उसकी लाश महुआ खुर्द टोल नाके पर बरामद हुई। वहीं जिस वाहन का उपयोग इस वारदात में हुआ, वह भी पुलिस की कस्टडी में है, बावजूद इसके हत्या के पीछे का कारण और आरोपी अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।
रूप सिंह ने कहा कि यदि आगामी दो दिनों में हत्या का खुलासा नहीं होता है, तो ग्रामीण मालाखेड़ा थाने पर तालाबंदी और बड़ा विरोध प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने चेताया कि इसके लिए पूरी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी।
मामले को लेकर उद्योग नगर व मालाखेड़ा थाना क्षेत्रों के लोगों में भारी आक्रोश व भय का माहौल है। इस बारे में मालाखेड़ा थाना प्रभारी का कहना है कि मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद गहन जांच की जाएगी और दो दिन के भीतर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।















