मुजफ्फरनगर के वार्ड नंबर 45, गली नंबर 1 में हाल ही में नगर पालिका परिषद के कोटे से बनाई गई सड़क की गुणवत्ता को लेकर स्थानीय निवासियों में नाराजगी है। प्रार्थीगण का कहना है कि सड़क निर्माण कार्य मात्र दो दिन पूर्व ही पूरा हुआ था, लेकिन इसकी हालत पहले से ही खराब हो चुकी है।मोहल्लेवासियों ने बताया कि इससे पहले करीब 15 दिन पहले नाली का निर्माण हुआ था, जिसमें सरिये की मात्रा कम होने के कारण वह पहले ही क्षतिग्रस्त हो चुकी है। अब सड़क निर्माण में भी पुरानी सामग्री, मलबा, टूटी ईंटें और पन्नी का उपयोग किया गया है, जिससे उसकी गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं।

स्थानीय लोगों ने इस मामले की शिकायत जिलाधिकारी के समक्ष भी की थी, साथ ही नगर पालिका और कंट्रोल रूम में भी इसकी सूचना दी गई थी। हालांकि, पालिका प्रशासन ने शिकायत को गंभीरता से न लेते हुए केवल खानापूर्ति कर दी। लगभग ढाई महीने के लंबे इंतजार के बाद सड़क निर्माण कार्य पूरा किया गया, लेकिन शिकायतकर्ताओं को केवल मौखिक आश्वासन दिया गया कि ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई होगी। अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया और निर्माण कार्य को पूर्ण कर दिया गया।मोहल्लेवासियों की मांग है कि वार्ड नंबर 45, गली नंबर 1 में अय्यूब के मकान से लेकर जमील पेठे वाले तक बनी सड़क की अन्य विभागों के तकनीकी विशेषज्ञों से जांच कराई जाए। साथ ही, जब तक जांच पूरी न हो जाए, तब तक ठेकेदार को किए जाने वाले भुगतान को रोका जाए।















