ऑपरेशन साइबर संग्राम: अलवर पुलिस ने 100 करोड़ की साइबर ठगी का भंडाफोड़

अलवर पुलिस ने ऑपरेशन साइबर संग्राम के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 100 करोड़ रुपये से अधिक की साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया। पुलिस ने गिरोह के सरगना संजय अरोड़ा समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से ठगी के भारी मात्रा में साक्ष्य और सामग्री बरामद की गई।

पुलिस को साइक्लोन सेल, अलवर से मिली सूचना के आधार पर संदिग्ध खाता संख्या 120032138141 की जांच की गई, जिसमें 101 साइबर फ्रॉड की शिकायतें दर्ज थीं। इस खाते में करीब 2 करोड़ रुपये का लेन-देन और 41 करोड़ रुपये की ठगी का खुलासा हुआ। जांच में खाता धारक प्रेम पांचाल और उसकी फर्म लक्ष्मी इंटरप्राइजेज का नाम सामने आया। पूछताछ में पता चला कि गिरोह फर्जी फर्मों के नाम, पते, टर्नओवर और उद्यम रजिस्ट्रेशन के आधार पर सैकड़ों करंट और कॉर्पोरेट अकाउंट्स खुलवाता था, जिन्हें कमीशन पर साइबर ठगों को बेचा जाता था। इन अकाउंट्स का उपयोग ऑनलाइन गेमिंग, बेटिंग और साइबर फ्रॉड के लिए किया जाता था।

आरोपियों ने बताया कि वे इन अकाउंट्स में ठगी की रकम जमा करवाते थे और अकाउंट फ्रीज होने से पहले राशि निकाल लेते थे। इसके लिए व्हाट्सएप और टेलीग्राम ग्रुप्स के जरिए बैंक अकाउंट डिटेल्स, आईएफएससी कोड, इंटरनेट बैंकिंग यूजरनेम-पासवर्ड, क्यूआर कोड और ओटीपी तक साइबर ठगों को उपलब्ध कराते थे। इसके बदले उन्हें क्रिप्टो एक्सचेंज जैसे Binance, Bitget और Bybit के जरिए कमीशन मिलता था।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7 चेकबुक, 19 एटीएम कार्ड, 6 बैंक पासबुक, 12 हस्ताक्षरित चेक, आधार कार्ड, पैन कार्ड, 20 मोबाइल फोन, 20 सिम कार्ड, पहचान पत्र, 3 आरसी और एक कार बरामद की। गिरफ्तार आरोपियों में संजय अरोड़ा (जवाहर नगर), गौरव सचदेवा (सूर्य नगर), अंकित बंसल (अपना घर शालीमार), रामवीर (दयानंद नगर), सतीश कुमार बैरवा (जवाहर नगर) और प्रेम पांचाल (मुल्तान नगर, दिल्ली रोड) शामिल हैं।

पुलिस ने धारा 318(2), 318(4), 338, 61(2), 112 BNSS तथा 66, 66C, 66D IT एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही आईपीएस कांबले शरण गोपीनाथ के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) गठित करने का निर्णय लिया गया है। पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने कहा कि ऑनलाइन ठगी, सेक्सटॉर्शन और ओएलएक्स जैसे फ्रॉड के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम किया जा रहा है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts