पुलवामा हमले की बरसी पर शुकतीर्थ कारगिल स्मारक में वीर शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि

मुजफ्फरनगर। पुलवामा आतंकी हमले की बरसी पर शुकतीर्थ स्थित कारगिल स्मारक में अमर बलिदानियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। भारतीय जनता पार्टी और पूर्व सैनिक संस्था के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में शहीद जवानों के सम्मान में पुष्प चक्र अर्पित कर उन्हें नमन किया गया। उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को याद किया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि 14 फरवरी 2019 को हुए पुलवामा के आत्मघाती हमले में 40 जवानों ने अपने प्राण न्योछावर कर दिए थे, जिससे पूरे देश में शोक और आक्रोश की लहर फैल गई थी। उन्होंने बताया कि इस कायराना हमले के बाद भारत सरकार ने सख्त कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर में आतंकवादी ठिकानों पर हवाई कार्रवाई कर कई अड्डों को ध्वस्त किया था। वक्ताओं ने कहा कि शहीदों का बलिदान राष्ट्र की एकता, सुरक्षा और स्वाभिमान का प्रतीक है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।

जिला पंचायत अध्यक्ष डा. वीरपाल निर्वाल के नेतृत्व में भाजपा शुकतीर्थ मंडल के कार्यकर्ता और पूर्व सैनिक कारगिल स्मारक पहुंचे और वीर बलिदानियों को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इसके बाद राठी फार्म हाउस, शुकतीर्थ में सिग्नल कोर के 116वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में डा. वीरपाल निर्वाल ने पूर्व सैनिकों के बीच पहुंचकर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान सेना की सिग्नल कोर की भूमिका, उसकी उपयोगिता तथा युद्ध और शांतिकाल में दिए गए महत्वपूर्ण योगदान को विस्तार से याद किया गया।

कार्यक्रम में सूबेदार मेजर निरंजन सिंह, लेफ्टिनेंट हीरालाल कौशिक, सूबेदार मेजर धर्मपाल सिंह, कैप्टन प्रेमवीर सिंह, अशोक कुमार, किसान मोर्चा से अमित राठी, कैप्टन प्रवीण चौधरी, सांस्कृतिक प्रकोष्ठ से रामकुमार शर्मा, ब्रजवीर सिंह, मंडल अध्यक्ष अरुणपाल सिंह सहित पूर्व सैनिक संस्था की प्रबंध समिति से जुड़े कई पदाधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा कैप्टन देवपाल राठी, कैप्टन प्रदीप वशिष्ठ, हवलदार सुधीश, हवलदार सी.पी. सिंह, मांगेराम फौजी, भजनानंद महाराज, राजेंद्र राठी, मनोज राठी और ब्रह्मकुमारी संस्था से बीके प्रवेश दीदी सहित अनेक गणमान्य लोग कार्यक्रम में शामिल हुए।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts