सहारनपुर। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर जनपद में भारी संख्या में कांवड़ियों और श्रद्धालुओं द्वारा शिव मंदिरों में जलाभिषेक किए जाने की संभावनाओं को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, सहारनपुर द्वारा थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में स्थित श्री बागेश्वर महादेव मंदिर का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा के दृष्टिकोण से सभी व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने बताया कि महाशिवरात्रि पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिलेभर में व्यापक इंतजाम किए गए हैं और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है।















