मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना क्षेत्र के ग्राम हबीबपुर सीकरी में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते मकान गिरने से एक ही परिवार के पांच लोगों की दर्दनाक मौत पर जमीयत उलमा-ए-हिंद बुढ़ाना ने गहरा शोक व्यक्त किया है। संगठन के पदाधिकारी वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष मौ. आसिफ कुरैशी के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवार के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। इस हादसे में मकान मालिक इस्लामुद्दीन और उनके चार मासूम बच्चों की जान चली गई, जिससे पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। जमीयत के पदाधिकारियों ने मृतकों की मगफिरत की दुआ करते हुए शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की ताकत देने की प्रार्थना की। संगठन ने हादसे में घायल बच्चों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी दुआ की और कहा कि इस कठिन समय में हर संभव सहयोग पीड़ित परिवार को मिलना चाहिए। जमीयत उलमा-ए-हिंद ने जिला प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की ओर से राहत एवं बचाव कार्य तेजी से शुरू करने तथा घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उपचार उपलब्ध कराने के प्रयासों की सराहना की। साथ ही प्रशासन से मांग की गई कि घायलों के इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और उन्हें बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। संगठन ने उत्तर प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन से अपील की कि मृतकों के परिजनों को शासन की ओर से निर्धारित आर्थिक सहायता, आवास सहित सभी राहत सुविधाएं बिना किसी देरी के उपलब्ध कराई जाएं, ताकि इस दुखद परिस्थिति में परिवार को कुछ राहत मिल सके।
जमीयत उलमा-ए-हिंद बुढ़ाना ने भरोसा दिलाया कि संगठन इस कठिन समय में पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है और हर संभव सहायता के लिए हमेशा तैयार रहेगा। इस अवसर पर हाफिज अब्दुल गफ्फार, हाफिज तहसीन, मौलाना उमर, शाहिद कुरैशी, कारी कुतुबुद्दीन सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित परिवारों की मदद करना समाज और प्रशासन दोनों की साझा जिम्मेदारी है तथा ऐसे समय में सभी लोगों को एकजुट होकर पीड़ितों का सहयोग करना चाहिए।























































