नॉन स्टाप दौड़ी राष्ट्रपति की विशेष ट्रेन, रोक दी गईं राजधानी

आगरा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की विशेष ट्रेन गुरुवार सुबह नान स्टाप दौड़ी। 18 कोच की ट्रेन में कोई व्यवधान न आए, इसके लिए प्रत्येक सेक्शन में सिग्नल हरा किया गया।नई दिल्ली से वृंदावन रोड रेलवे स्टेशन के मध्य ट्रेन की गति 100 किमी प्रति घंटा से अधिक रही।

विशेष ट्रेन को गुजारने के लिए मुंबई राजधानी व गतिमान एक्सप्रेस सहित 16 ट्रेनों को विभिन्न जगहों पर रोक दिया गया। यह ट्रेनें 40 मिनट से लेकर डेढ़ घंटा तक खड़ी रहीं। एक भी ट्रेन ने राष्ट्रपति की ट्रेन को क्रास नहीं किया। मथुरा से नई दिल्ली के दौरान शाम को भी कुछ यही स्थिति रही।अगस्त क्रांति राजधानी सहित 11 ट्रेनें प्रभावित रहीं। वहीं दो दर्जन मालगाड़ियां रोकी गईं। ट्रेनों को रोकने पर कई यात्रियों ने डीआरएम आगरा के एक्स पर शिकायतें पोस्ट कीं। ट्रेन क्यों नहीं चल रही है। इसे लेकर सवाल पूछे।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की विशेष ट्रेन गुरुवार सुबह साढ़े आठ बजे नई दिल्ली से मथुरा के लिए रवाना हुई। इस ट्रेन के आगे गतिमान एक्सप्रेस चल रही थी। अप लाइन में होडल के पास गतिमान एक्सप्रेस, कर्नाटक संपर्क क्रांति एक्सप्रेस और हीराकुंड एक्सप्रेस को रोक दिया गया।

डाउन लाइन में मुंबई-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस, सिकंदराबाद राजधानी एक्सप्रेस, मुंबई-निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस सहित 13 ट्रेनों को आगरा से मथुरा के मध्य रोक दिया गया। सुबह 10.02 बजे विशेष ट्रेन वृंदावन स्टेशन रोड पहुंची। इसके बाद अप और डाउन लाइन में ट्रेनों का संचालन शुरू हुआ। ट्रेनों को रोकने की शिकायत यात्रियों ने रेलवे हेल्प लाइन और डीआरएम आगरा के एक्स पर की।

वहीं शाम साढ़े पांच बजे राष्ट्रपति की विशेष ट्रेन नई दिल्ली के लिए रवाना हुई। इसके चलते अप लाइन में निजामुद्दीन-मुंबई राजधानी एक्सप्रेस, मुंबई विशेष ट्रेन, अगस्त क्रांति राजधानी एक्सप्रेस सहित आठ ट्रेनें और डाउन लाइन में छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस सहित तीन ट्रेनें प्रभावित रहीं।

डीआरएम कार्यालय स्थित कंट्रोल रूम में उच्च अधिकारी डटे रहे। विशेष ट्रेन के नई दिल्ली स्टेशन पहुंचने के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली। उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज जोन के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह विशेष ट्रेन की पल पल की जानकारी लेते रहे।

यात्री जगत सिंह ने बताया कि गतिमान एक्सप्रेस डेढ़ घंटे की देरी से आगरा कैंट स्टेशन पहुंची। वापसी में भी यह ट्रेन आगरा से देरी से रवाना हुई। यात्री शिवगोपाल गुप्ता ने बताया कि हीराकुंड एक्सप्रेस को कोसीकलां के पास खड़ा कर दिया गया था।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts