मुजफ्फरनगर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग कपिल देव अग्रवाल के निर्देशन में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा वर्ष 2025 में चयनित विभिन्न व्यवसायों के अनुदेशकों को नियुक्ति पत्र वितरण का शुभारंभ लखनऊ स्थित लोक भवन के ऑडिटोरियम से किया गया। इसी क्रम में मुजफ्फरनगर जनपद में भी राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, मेरठ रोड परिसर में एक समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष वीरपाल निर्वाल और विशिष्ट अतिथि बुढ़ाना विधायक राजपाल बालियान मौजूद रहे। समारोह की अध्यक्षता जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने की। मंच संचालन डॉ. राजीकुमार, सदस्य बाल कल्याण समिति ने किया।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण, अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) गजेन्द्र कुमार, आईएमसी राजकीय आईटीआई के चेयरमैन व लघु उद्योग भारती लक्ष्मीनगर के अध्यक्ष राजेश जैन, जिला सचिव जगमोहन गोयल, अनुज गोयल, प्रवीन खेडा, नोडल प्रधानाचार्य मुकेश प्रताप सिंह, बुढ़ाना आईटीआई के प्रधानाचार्य अंकित सिंघल और शाहपुर आईटीआई के प्रधानाचार्य अशोक कुमार सहित विभागीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने मंच से विचार रखे और चयनित अनुदेशकों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया गया, जिसमें कपिल देव अग्रवाल ने संबोधित करते हुए कहा कि शिल्पकार प्रशिक्षण योजना आज की सबसे महत्वपूर्ण योजना है, जो भविष्य की जनशक्ति की आवश्यकताओं की पूर्ति कर रही है। उन्होंने बताया कि राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में इस योजना के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी विभाग पर है। साथ ही एनसीवीटी से संबद्ध निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में संचालित प्रशिक्षण का निरीक्षण और पर्यवेक्षण भी विभाग करता है। प्रशिक्षण प्रक्रिया उद्योगों और प्रतिष्ठानों की मांग के अनुरूप ढाली जा रही है ताकि उन्हें दक्ष कामगार समय पर उपलब्ध हो सकें।समारोह के अंत में नोडल प्रधानाचार्य मुकेश प्रताप सिंह ने उपस्थित सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापन किया और नवनियुक्त अनुदेशकों को मेहनत और लगन के साथ युवाओं को प्रशिक्षित करने के लिए प्रेरित किया। इस आयोजन से चयनित अभ्यर्थियों और उनके परिवारों में खुशी की लहर दौड़ गई।















