मुजफ्फरनगर में जाम से राहत के लिए नई व्यवस्था लागू, बस संचालन में बड़ा बदलाव.

मुजफ्फरनगर शहर में लगातार बढ़ती जाम की समस्या को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। शहर के सम्भ्रांत नागरिकों से प्राप्त सुझावों के आधार पर जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे, नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौड़, क्षेत्राधिकारी यातायात रविंद्र प्रताप सिंह, अधिशासी अधिकारी नगरपालिका प्रज्ञा सिंह, सहायक रोडवेज प्रबंधक प्रभात कुमार सिन्हा तथा यातायात विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। चर्चा के बाद शहरवासियों को जाम से राहत दिलाने के उद्देश्य से कई अहम निर्णय लिए गए।निर्णय के अनुसार, उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की मेरठ भैंसाली डिपो से मुजफ्फरनगर के लिए संचालित होने वाली बसें अब सुबह 8 बजे से शाम 8 बजे तक राणा बहलना चौक से संचालित की जाएंगी। वहीं रात 8 बजे से सुबह 8 बजे तक ये बसें शहर क्षेत्र में प्रवेश कर सकेंगी। यह व्यवस्था विशेष रूप से दिन के समय शहर के मुख्य चौराहों पर लगने वाले भीषण जाम को कम करने के लिए लागू की गई है।

प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कोई भी रोडवेज बस महावीर चौक और जीआईसी मैदान तक न तो सवारी उतारेगी और न ही बैठाएगी। इन स्थानों पर अक्सर यातायात का दबाव अधिक रहता है, जिससे जाम की स्थिति गंभीर हो जाती है। अब बसों को जानसठ पुल के नीचे निर्धारित और उपयुक्त स्थान पर ही यात्रियों को उतारने और बैठाने की अनुमति होगी, बशर्ते मार्ग अवरुद्ध न हो।अधिकारियों ने सभी बस चालकों से अपेक्षा की है कि वे नई व्यवस्था का पूर्ण पालन करते हुए प्रशासन का सहयोग करें। प्रशासन का कहना है कि यह कदम जनहित में उठाया गया है और इसका उद्देश्य शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाना है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद शहर में ट्रैफिक दबाव कम होने और आम लोगों को राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। प्रशासन ने नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सुरक्षित और सुगम यातायात के लिए सभी का योगदान आवश्यक है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts