मुजफ्फरनगर में स्वच्छता के साथ आत्मनिर्भरता की नई पहल,

मुजफ्फरनगर। नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि कूड़े को संसाधन में बदलने की दिशा में नगर पालिका का अभियान लगातार सफलता प्राप्त कर रहा है। सूखे कचरे के पृथक्करण और पुनर्चक्रण के माध्यम से न केवल शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में मदद मिल रही है, बल्कि पालिका की आय में भी निरंतर वृद्धि हो रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में शहर से निकलने वाला कचरा नगर पालिका की आय का एक महत्वपूर्ण स्रोत बनेगा और स्वच्छता के साथ आर्थिक आत्मनिर्भरता का नया मॉडल स्थापित करेगा।

शनिवार को मीनाक्षी स्वरूप ने रुड़की रोड स्थित एमआरएफ (मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी) सेंटर का निरीक्षण कर वहां संचालित कचरा पृथक्करण, रिसाइक्लिंग तथा स्वच्छता व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी एवं सुव्यवस्थित बनाने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि शासन के निर्देशों के अनुरूप एमआरएफ सेंटर की कार्यप्रणाली का स्थलीय निरीक्षण किया गया है तथा नगर पालिका शहर को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है।

पालिकाध्यक्ष ने बताया कि एमआरएफ सेंटर का संचालन जेएस एनवायरो सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है। शहर में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण के बाद प्राप्त सूखे कचरे को यहां अलग-अलग श्रेणियों में विभाजित किया जाता है। प्लास्टिक, पॉलीथिन, लोहा और अन्य पुनर्चक्रण योग्य सामग्री को अलग कर उसका विक्रय किया जाता है, जिससे नगर पालिका को अतिरिक्त आय प्राप्त होती है। उन्होंने बताया कि पिछले वित्तीय वर्ष में इस व्यवस्था के माध्यम से लगभग 1.20 लाख रुपये पालिका कोष में जमा कराए गए थे। वहीं चालू वित्तीय वर्ष में अब तक 1.20 लाख रुपये और 26 हजार रुपये की दो किस्तें कंपनी द्वारा जमा कराई जा चुकी हैं।

मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि कूड़े से आय अर्जित करने का जो लक्ष्य निर्धारित किया गया था, उसे सफलतापूर्वक धरातल पर उतारा जा रहा है। इससे नगर पालिका अपने आय स्रोतों का विस्तार कर रही है और आर्थिक रूप से मजबूत बनने की दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में एक एमआरएफ सेंटर संचालित है, जबकि दूसरे केंद्र में मशीनरी सेक्शन तैयार हो चुका है। इसके अलावा सहावली में निर्मित भवन में भी शीघ्र मशीनें स्थापित कर संचालन शुरू किया जाएगा। इससे शहर के कचरा प्रबंधन तंत्र को और मजबूती मिलेगी तथा पालिका की आय में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होने की संभावना है। निरीक्षण के दौरान नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय प्रताप शाही सहित कई अधिकारी, कर्मचारी और कंपनी प्रतिनिधि मौजूद रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts