शुकतीर्थ गंगा घाट पर बदबू से श्रद्धालु परेशान, सीएनडीएस के निर्माण गड्ढे पर उठे सवाल.

मुजफ्फरनगर की तीर्थ नगरी शुकतीर्थ में गंगा घाट पर फैली दुर्गंध श्रद्धालुओं, साधु-संतों और स्थानीय लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गई है। गंगा घाट पर चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों के दौरान जल निगम के अधीन कार्यरत संस्था कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइनिंग सर्विस (सीएनडीएस) द्वारा कई माह पूर्व खोदे गए विशाल गड्ढे में पानी, कीचड़ और गंदगी जमा होने से हालात लगातार बिगड़ रहे हैं। भीषण गर्मी के चलते इस गड्ढे का पानी सड़ने लगा है, जिससे पूरे घाट क्षेत्र में बदबू फैल रही है। स्थिति यह है कि अनेक श्रद्धालु गंगा स्नान किए बिना ही वापस लौट रहे हैं, जबकि नौका संचालन भी प्रभावित होकर बंद हो गया है।

गंगा घाट की दुर्दशा को लेकर साधु-संतों में भारी रोष व्याप्त है। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल के हस्तक्षेप और स्थानीय लोगों की शिकायतों के बाद शुक्रवार को मेरठ ड्रेनेज खंड प्रथम की टीम ने शुकतीर्थ पहुंचकर मौके का निरीक्षण किया। सहायक अभियंता वीके सिंह, अवर अभियंता संजीव मलिक, अनिल कुमार और मनोज राठी की टीम ने निरीक्षण के दौरान पाया कि सीएनडीएस द्वारा खोदे गए गहरे गड्ढे में गंदा पानी और कीचड़ जमा होने से दुर्गंध फैल रही है तथा घाट पर पानी का प्राकृतिक प्रवाह भी बाधित हो गया है।

निरीक्षण के दौरान ड्रेनेज विभाग के अधिकारियों ने निर्माण कार्य पर गंभीर आपत्ति जताई। अधिकारियों का कहना था कि गंगा नदी के भीतर किसी भी प्रकार का निर्माण नियमानुसार अनुमति के बिना नहीं किया जा सकता। विभाग की ओर से पहले भी इस संबंध में आपत्ति दर्ज कराते हुए संबंधित विभागों और थाने को तहरीर दी गई थी, लेकिन उस पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। अधिकारियों ने गंगा घाट की वर्तमान स्थिति के लिए सीएनडीएस को जिम्मेदार ठहराया।

उधर, शहीद भगत सिंह खेल एकेडमी के संयोजक अमित राठी, महामंडलेश्वर गोपाल दास महाराज, रेंजर रविकांत चौधरी और कई खिलाड़ियों ने गंगा घाट पर उतरकर घंटों तक सफाई अभियान चलाया और गंगा तट को स्वच्छ बनाने का प्रयास किया। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल ने बताया कि निरीक्षण के लिए सीएनडीएस के अधिकारियों को भी बुलाया गया था, लेकिन स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं के रोष को देखते हुए वे मौके पर नहीं पहुंचे। क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन से जल्द समाधान कर गंगा घाट को स्वच्छ और श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित बनाने की मांग की है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts