कांवड़ कंट्रोल रूम निरीक्षण में मिली लापरवाही, तीन कर्मचारी सस्पेंड, जवाब-तलब के आदेश

मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा के दौरान नगर की व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए नगरपालिका परिषद पूरी मुस्तैदी से काम कर रही है। इसी क्रम में नगरपालिका परिषद की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने शिव चौक स्थित कांवड़ कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान तीन कर्मचारी—इमरान (जलकल विभाग), अरुण कुमार (कर विभाग) और वसीम अहमद (बीसी, कर विभाग)—ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए। इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए मीनाक्षी स्वरूप ने तीनों का वेतन अग्रिम आदेशों तक रोकने और तीन दिन में जवाब तलब करने का निर्देश दिया।पालिका अध्यक्ष ने बताया कि यह सभी कर्मचारी बिना किसी पूर्व अनुमति के ड्यूटी से लगातार नदारद थे, जिससे कंट्रोल रूम की निगरानी और संचालन प्रणाली बाधित हुई। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा जैसे संवेदनशील अवसर पर किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वसीम अहमद द्वारा 11 जुलाई को विभागीय व्हाट्सऐप ग्रुप पर आकस्मिक अवकाश की सूचना भेजे जाने को अनुशासनहीनता मानते हुए चेतावनी भी जारी की गई है।निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी डॉ. प्रज्ञा सिंह, पालिका सभासद और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। मीनाक्षी स्वरूप ने कंट्रोल रूम में सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था का जायजा लिया और तीन पारियों में निर्धारित कर्मचारियों की ड्यूटी की समीक्षा की। इसके अलावा उन्होंने खोया-पाया केंद्र, सफाई व्यवस्था और कांवड़ शिविरों का भी दौरा किया।शिवभक्तों की सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए उन्होंने शिव चौक पर बने सेल्फी प्वाइंट का उद्घाटन भी किया और श्रद्धालुओं को स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी संबंधित विभागों को पहले ही सूचना दी जा चुकी थी कि यात्रा अवधि के दौरान किसी को भी अवकाश स्वीकृत नहीं किया जाएगा। ऐसे में अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों को जवाब देने के साथ-साथ अनुशासनात्मक कार्रवाई का सामना भी करना पड़ेगा।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts