देशभर के मेडिकल छात्रों के लिए बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2026 परीक्षा को रद्द करने का फैसला लिया है।इसके साथ ही पूरे मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो यानी CBI को सौंप दी गई है। बताया जा रहा है कि पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ी की शिकायतों के बाद यह कदम उठाया गया।
NEET UG 2026 परीक्षा 3 मई को देशभर के हजारों परीक्षा केंद्रों पर आयोजित हुई थी, जिसमें लाखों छात्रों ने हिस्सा लिया था। परीक्षा रद्द होने की खबर सामने आने के बाद छात्रों और अभिभावकों के बीच चिंता बढ़ गई है। अब सभी उम्मीदवारों को दोबारा परीक्षा देनी होगी। हालांकि NTA ने अभी नई परीक्षा तारीखों का ऐलान नहीं किया है। एजेंसी ने कहा है कि जल्द ही नया शेड्यूल जारी किया जाएगा। दूसरी तरफ CBI जांच शुरू होने से इस मामले में बड़े खुलासों की उम्मीद भी बढ़ गई है।
NEET परीक्षा पर सरकार ने लिया बड़ा फैसला
NEET UG देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा मानी जाती है। इसी परीक्षा के जरिए MBBS, BDS और दूसरे मेडिकल कोर्स में दाखिला मिलता है। ऐसे में परीक्षा रद्द होने का असर सीधे लाखों छात्रों के भविष्य पर पड़ा है। सरकार ने मामले को गंभीर मानते हुए परीक्षा रद्द करने और जांच एजेंसी को सौंपने का फैसला लिया।सूत्रों के मुताबिक कई राज्यों से परीक्षा में गड़बड़ी और पेपर लीक की शिकायतें मिली थीं। इसके बाद पूरे मामले की रिपोर्ट सरकार तक पहुंची। शुरुआती जांच और इनपुट मिलने के बाद आखिरकार परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया गया।
CBI करेगी पूरे नेटवर्क की जांच
अब इस मामले की जांच CBI करेगी। एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि प्रश्नपत्र कैसे लीक हुआ, इसमें कौन लोग शामिल थे और क्या इसके पीछे कोई बड़ा गिरोह काम कर रहा था। जांच एजेंसी परीक्षा केंद्रों, डिजिटल रिकॉर्ड और संदिग्ध लोगों से जुड़े दस्तावेज भी खंगाल सकती है।माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में कई लोगों से पूछताछ हो सकती है। अगर जांच में बड़े खुलासे होते हैं तो कई राज्यों में कार्रवाई भी देखने को मिल सकती है। शिक्षा से जुड़े बड़े मामलों में CBI जांच होने की वजह से इस केस पर पूरे देश की नजर बनी हुई है।
3 मई को हुआ था एग्जाम
NEET UG 2026 परीक्षा 3 मई को आयोजित हुई थी। देशभर के करीब 23 लाख छात्रों ने मेडिकल कॉलेजों में सीट पाने के लिए इस परीक्षा में हिस्सा लिया था। कई छात्रों ने परीक्षा के बाद सोशल मीडिया पर सवाल उठाए थे। कुछ जगहों पर पेपर पहले से वायरल होने के दावे भी सामने आए थे। हालांकि शुरुआत में एजेंसियों की तरफ से जांच जारी होने की बात कही गई थी, लेकिन अब परीक्षा रद्द होने के बाद यह साफ हो गया है कि मामला काफी गंभीर माना गया है।
दोबारा परीक्षा की तैयारी
NTA ने कहा है कि NEET UG परीक्षा दोबारा कराई जाएगी। हालांकि अभी यह साफ नहीं किया गया है कि नई परीक्षा कब होगी। माना जा रहा है कि एजेंसी जल्द ही नई तारीख, एडमिट कार्ड और परीक्षा केंद्रों से जुड़ी जानकारी जारी कर सकती है। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट और नोटिस पर भरोसा करें। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही अफवाहों से बचने की भी अपील की गई है।
पहले भी उठ चुके हैं सवाल
यह पहला मौका नहीं है जब किसी बड़ी भर्ती या प्रवेश परीक्षा में गड़बड़ी के आरोप लगे हों। पिछले कुछ सालों में कई प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर पेपर लीक और धांधली के मामले सामने आ चुके हैं। ऐसे में NEET UG जैसे बड़े एग्जाम पर सवाल उठना सरकार और एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती माना जा रहा है।अब सभी की नजर CBI जांच और NTA के अगले कदम पर टिकी हुई है। छात्रों को नई परीक्षा तारीखों के ऐलान का इंतजार है, वहीं जांच एजेंसियां पूरे मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश में जुट गई हैं।















