जयपुर। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष हमीद खान मेवाती ने बताया कि “सौगात-ए-मोदी” किट वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ शुक्रवार को सांगानेर विधानसभा क्षेत्र से किया जाएगा। इस अभियान के तहत जरूरतमंद मुस्लिम बहनों को राशन सामग्री वितरित की जाएगी। प्रदेश की सभी 200 विधानसभाओं में करीब 1,00,786 जरूरतमंद बहनों को यह किट उपलब्ध कराई जाएगी।
मेवाती ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने “सबका साथ, सबका विकास और सबका कल्याण” की अवधारणा पर कार्य किया है। ईद के मौके पर इस पहल से मुस्लिम समुदाय में खुशी का माहौल है। अल्पसंख्यक मोर्चा और प्रदेश के मुस्लिम समाज की ओर से प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार जताया गया है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा प्रदेश के सभी समाजों को साथ लेकर चल रहे हैं। भाजपा सरकार अंत्योदय की नीति पर कार्य कर रही है, जिसमें अल्पसंख्यक समुदाय के लिए भी योजनाएं चलाई जा रही हैं। सरकार द्वारा अल्पसंख्यकों को आवास, उज्ज्वला योजना के तहत रसोई गैस, मेवात बोर्ड के लिए अलग बजट और तीन तलाक कानून जैसी योजनाएं लागू की गई हैं।
मेवाती ने कहा कि “सौगात-ए-मोदी” किट में आटा, दाल, चावल, तेल, कपड़े, सेवईं, खजूर, मेवे और चीनी शामिल होंगे। इस अभियान का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों की सहायता करने के साथ-साथ समाज के विभिन्न वर्गों तक अपनी पहुंच बढ़ाना भी है। प्रत्येक पदाधिकारी मस्जिद कमेटी के सहयोग से 100 जरूरतमंद व्यक्तियों को चिह्नित कर यह किट वितरित करेगा।
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा भविष्य में गुड फ्राइडे, ईस्टर, नवरोज़ और भारतीय नववर्ष के आयोजनों में भी इसी तरह जरूरतमंदों को “सौगात-ए-मोदी” किट वितरित करेगा, जिससे गंगा-जमुनी तहज़ीब को बढ़ावा मिलेगा।
प्रेसवार्ता में मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हुसैन खान, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एम. सादिक खान, प्रदेश उपाध्यक्ष जंग बहादुर पठान, प्रदेश आईटी संयोजक इरशाद हसनपुरा और पूर्व जयपुर शहर जिलाध्यक्ष जफर मिर्जा मौजूद थे।























































