राष्ट्रीय महिला आयोग अध्यक्ष विजया रहाटकर का मुजफ्फरनगर दौरा,

मुजफ्फरनगर में राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर के आगमन पर जिला प्रशासन ने औपचारिक स्वागत किया। विकास भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा तथा मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमलकिशोर देशभूषण सहित अन्य अधिकारियों ने उन्हें सम्मान प्रतीक एवं पौधा भेंट कर अभिनंदन किया। इसके बाद अध्यक्ष द्वारा महिला जनसुनवाई का आयोजन किया गया, जिसमें आयोग में पंजीकृत 48 मामलों समेत अन्य शिकायतों पर सुनवाई की गई। प्रत्येक प्रकरण में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए और अनुपालन आख्या आयोग को भेजने के लिए भी कहा गया।

जनसुनवाई में उपस्थित महिलाओं और बालिकाओं को केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं—मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्य बाल सेवा योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा तथा स्पॉन्सरशिप योजनाओं—की जानकारी दी गई और पात्र लाभार्थियों तक इनका लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम के बाद आयोजित समीक्षा बैठक में महिला कल्याण से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तार से समीक्षा की गई। अध्यक्ष ने अधिकारियों से यह भी जाना कि योजनाओं का लाभ मिलने से महिलाओं के जीवन स्तर और सामाजिक व्यवहार में क्या बदलाव आए हैं।

बैठक के दौरान कार्यस्थल पर महिलाओं के लैंगिक उत्पीड़न (निवारण, प्रतितोष और प्रतिषेध) अधिनियम 2013 के अंतर्गत गठित आंतरिक और स्थानीय समितियों की कार्यप्रणाली पर विशेष चर्चा हुई। अध्यक्ष ने इन समितियों को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए तथा सुरक्षित और सम्मानजनक कार्यस्थल सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को शपथ भी दिलाई गई। स्थानीय समिति द्वारा किए गए कार्यों की सराहना करते हुए जिला प्रशासन की पहल की प्रशंसा की गई।

कार्यक्रम के अंत में अध्यक्ष द्वारा जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। बैठक का संचालन डा. राजीव कुमार ने किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक (अपराध) इंदु सिद्धार्थ, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. सुनील तेवतिया, विभिन्न क्षेत्राधिकारी, जिला स्तरीय अधिकारी, वन स्टॉप सेंटर की टीम तथा महिला कल्याण विभाग के कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रशासनिक सक्रियता और महिला सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से देखने को मिली।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts