मुजफ्फरनगर के चरथावल ब्लॉक परिसर में नारी शक्ति वंदन सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं और गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ वीरपाल निर्वाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथियों में ब्लॉक प्रमुख अक्षय पुंडीर, गुड्डी त्यागी, डॉ विपिन त्यागी, अंजू, राजरानी और नीरज गौतम शामिल रहे। सभी अतिथियों ने महिला सशक्तिकरण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नारी शक्ति वंदन अधिनियम को ऐतिहासिक कदम बताया।
कार्यक्रम के दौरान नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन के लिए मोबाइल नंबर 9667173333 पर मिस्ड कॉल करने के लिए लोगों को प्रेरित किया गया। संचालन डॉ राजीव कुमार द्वारा किया गया। इस अवसर पर बताया गया कि यह अधिनियम लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान करता है, जिससे उनकी राजनीतिक भागीदारी और निर्णय लेने की क्षमता को मजबूती मिलेगी।सम्मेलन में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को ईसीसीई किट और स्टेडियोमीटर वितरित किए गए। कार्यक्रम में सामाजिक सरोकारों को भी प्रमुखता दी गई, जिसमें नवजात शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया और गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की गई।
अक्षय तृतीया के मद्देनजर बाल विवाह की रोकथाम के लिए बाल कल्याण समिति के सदस्य डॉ राजीव कुमार ने सभी उपस्थित लोगों को शपथ दिलाई। इसके अलावा महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी भी दी गई। थाना चरथावल की उप निरीक्षक डोली यादव ने मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं की सुरक्षा और अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी साझा की।इस कार्यक्रम में एडीओ सोमदत्त, एडीओ कमल, संगीता कौशिक, नीना त्यागी, हेमलता, पूजा नरूला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को जागरूक करना, उनके अधिकारों के प्रति सजग बनाना और समाज में उनकी भागीदारी को बढ़ावा देना रहा।























































