मुजफ्फरनगर में एडीएम प्रशासन के पद पर साढ़े तीन साल की शानदार पारी खेलने के बाद पीसीएस अफसर नरेन्द्र बहादुर सिंह का तबादला लखीमपुर खीरी हो गया है, जहां उन्हें एडीएम वित्त एवं राजस्व का पद सौंपा गया है। नरेन्द्र बहादुर सिंह के कार्यकाल में मुजफ्फरनगर के लोगों के दिलों में अपनी खास जगह बनाई। उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि भोपा क्षेत्र के हाजीपुरा गांव का कायाकल्प था, जहां उन्होंने मूलभूत सुविधाएं जैसे सड़क, पानी, बिजली, शिक्षा, शौचालय आदि विकसित किए, जिससे गांव के लोगों का जीवन स्तर बेहतर हुआ। ग्रामीण उन्हें भगवान के रूप में मानते हैं, क्योंकि उन्होंने गांव को मुख्यधारा में लाकर चमकाया।
इसके अलावा, नरेन्द्र बहादुर सिंह ने मुजफ्फरनगर में वेस्ट टू एनर्जी प्रोजेक्ट की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाए। नगरपालिका में पहले से प्रस्तावित यह प्रोजेक्ट उनके प्रयासों से अब धरातल पर आने जा रहा है। चुनावी व्यवस्थाओं में भी उनका योगदान अद्वितीय रहा, और उन्हें निर्वाचन आयोग द्वारा सम्मानित किया गया। कांवड़ यात्रा के सफल आयोजन का भी अनुभव उनका बेजोड़ था। उनके कार्यकाल में लोकसभा, विधानसभा, नगरीय निकाय और उपचुनाव कराए गए, जिससे उनकी कार्यशैली की सराहना हुई।
मुजफ्फरनगर के लोग और मीडिया ने उन्हें भरपूर समर्थन दिया, जिससे नरेन्द्र बहादुर सिंह इस शहर को अब अपना घर मानने लगे थे। उनके तबादले से ग्रामीणों के दिलों में एक अमिट छाप छूट गई है, जो उनके प्रयासों और मेहनत को हमेशा याद रखेंगे।















