मुज़फ्फरनगर जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता उद्योग बंधु की बैठक फेडरेशन आफ मुजफ्फरनगर कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सभागार में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। उपायुक्त उद्योग जैस्मिन ने पूर्व में हुई बैठक में दिए गए निर्देशों के क्रम में विभागों द्वारा की गई कार्यवाही से जिलाधिकारी को अवगत कराया।जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण की दिशा में काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागीय स्तर पर जो प्रकरण हल हो सकते हैं, उनका शीघ्र निस्तारण किया जाए, और जो मामले शासन स्तर पर लंबित हैं, उनकी पैरवी करते हुए शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में नगर पालिका के प्रतिनिधि ने बताया कि वहलना चौक से वहलना गांव तक जाने वाली सड़क का टैण्डर स्वीकृत हो गया है और शीघ्र ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा। साथ ही ए-टू-जेड रोड से राणा पब्लिक स्कूल के पास अंडरपास के निर्माण की स्वीकृति मिल गई है, जिसका कार्य जल्दी शुरू होगा।प्रदूषण विभाग ने जानकारी दी कि 20 इकाइयों द्वारा वाटर हारवेस्टिंग रिचार्ज सिस्टम लागू कर दिया गया है। विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को जिलाधिकारी ने 15 फरवरी 2025 से पहले औद्योगिक संगठनों के साथ एक आंतरिक बैठक करने के निर्देश दिए।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संदीप भागिया, अध्यक्ष आई.आई.ए. पवन कुमार, फैडरेशन ऑफ मुज़फ्फरनगर कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष अंकित संगल, अन्य उद्यमी और जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।















