मुजफ्फरनगर:थाईलैंड नौकरी के नाम पर 30 लाख से अधिक की ठगी,

मुजफ्फरनगर के थाना तितावी क्षेत्र के ग्राम बघरा से मानव तस्करी और अंतरराष्ट्रीय ठगी से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। गांव के दो परिवारों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लिखित शिकायत भेजकर गंभीर आरोप लगाए हैं। छम्मन खाँ और मोहम्मद नसीम का कहना है कि गांव के ही इंतजार सैफी और उसका रिश्तेदार इमरान सैफी ने उनके पुत्र उमर खाँ और अजीम सैफी को थाईलैंड में कंप्यूटर ऑपरेटर की नौकरी दिलाने का झांसा दिया। आरोप है कि 800 डॉलर प्रतिमाह वेतन का लालच देकर पहले रजिस्ट्रेशन के नाम पर 15 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कराए गए और इसके बाद किस्तों में कुल लगभग 15 लाख 10 हजार रुपये वसूल लिए गए। परिजनों का कहना है कि युवकों को टूरिस्ट वीजा पर थाईलैंड भेजा गया, जहां से उन्हें म्यांमार के एक कथित स्कैम सेंटर में ले जाकर बंधक बना लिया गया।

परिवारों के अनुसार वहां हथियारबंद विदेशी लोगों द्वारा युवकों के साथ मारपीट की गई और एक युवक के पैर का लिगामेंट तक तोड़ दिया गया। बाद में फोन पर परिजनों को बताया गया कि दोनों को मोटी रकम लेकर “बेच” दिया गया है और भारत लौटने के लिए अतिरिक्त धनराशि देनी होगी। बेटे की जान बचाने की मजबूरी में परिजनों ने आरोपियों को 12 लाख 50 हजार रुपये की अतिरिक्त मांग पर करीब 15 लाख रुपये और दे दिए। परिवारों का दावा है कि उनके पास ऑनलाइन लेनदेन के रिकॉर्ड, वीडियो कॉल की रिकॉर्डिंग और मेडिकल कागजात जैसे ठोस सबूत मौजूद हैं।

पीड़ितों ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर को निर्देशित कर इंतजार सैफी और इमरान सैफी के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कराया जाए और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। परिवारों ने आशंका जताई है कि यह मामला मानव तस्करी और अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी गिरोह से जुड़ा हो सकता है, जिसकी गहन जांच आवश्यक है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts