मुजफ्फरनगर। मिशन शक्ति 5.0 एवं साइबर जागरूकता अभियान के अंतर्गत रिजर्व पुलिस लाइन में महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक विशाल मानव श्रृंखला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के साथ-साथ साइबर अपराधों से बचाव के प्रति नागरिकों को जागरूक करना रहा। पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस अधिकारीगण, कर्मचारीगण, महिला पुलिसकर्मी तथा प्रशिक्षु आरक्षियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने एकजुट होकर एकता, सुरक्षा और जागरूकता का सशक्त संदेश दिया।
मानव श्रृंखला के माध्यम से प्रतिभागियों ने यह संदेश दिया कि महिला सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है। सभी नागरिकों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि महिलाएं सुरक्षित और सम्मानित वातावरण में जीवन व्यतीत कर सकें। कार्यक्रम के दौरान मिशन शक्ति अभियान के विभिन्न उद्देश्यों पर विस्तार से चर्चा की गई, जिसमें महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, उनकी शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने पर बल दिया गया।
साथ ही साइबर जागरूकता अभियान के अंतर्गत प्रतिभागियों को ऑनलाइन ठगी, साइबर बुलिंग, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कॉल व लिंक के माध्यम से होने वाले अपराधों से बचाव के उपायों के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि किसी भी संदिग्ध लिंक, कॉल या मैसेज पर भरोसा न करें और किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें।
कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित लोगों ने यह संकल्प लिया कि वे समाज में नारी सुरक्षा, सम्मान एवं साइबर सतर्कता के संदेश को निरंतर आगे बढ़ाएंगे और हर स्तर पर महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देंगे। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी फुगाना रूपाली राव चौधरी, क्षेत्राधिकारी अपराध ऋषिका सिंह, प्रतिसार निरीक्षक ऊदल सिंह सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। पुलिस लाइन परिसर में आयोजित यह कार्यक्रम सामूहिक एकजुटता और सामाजिक जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण बन गया।















