भास्कर न्यूज़ उत्तर प्रदेश उत्तराखंड।
मुजफ्फरनगर में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत, थाना नई मण्डी पुलिस ने एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त की गिरफ्तारी की यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत के निगरानी में की गई। क्षेत्राधिकारी नई मण्डी रुपाली राव और थाना प्रभारी नई मण्डी बबलू सिंह की अगुआई में पुलिस टीम ने इस अभियुक्त को आज, 08 सितंबर 2024 को भोपा रोड चांदपुर रजवाहा पुलिया के पास मुठभेड़ के दौरान पकड़ा।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उक्त अभियुक्त, जो थाना नई मण्डी में पंजीकृत मु0अ0स0-195/24 धारा-379 भादवि में वांछित था, किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने के इरादे से उसी रास्ते से आ रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग शुरू की। इसी दौरान, मोटरसाइकिल पर सवार एक संदिग्ध व्यक्ति को देखा गया, जिसे पुलिस ने रुकने का इशारा किया। हालांकि, मोटरसाइकिल सवार ने भागने की कोशिश की और तेज गति से धन्धेडा की तरफ भागने लगा।
पुलिस ने उसका पीछा किया, लेकिन कच्चे रास्ते और मोटरसाइकिल की तेज गति के कारण वह असंतुलित होकर गिर गई। इसके बाद, मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति ने पैदल भागने की कोशिश की, जिसे पुलिस ने घेर लिया। खुद को घिरा देखकर, अभियुक्त ने जान से मारने की नीयत से पुलिस पर फायरिंग की, लेकिन पुलिस टीम बाल-बाल बच गई।
पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिससे अभियुक्त घायल हो गया। पुलिस ने उसे तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया। अभियुक्त के कब्जे से एक अवैध हथियार और बिना नंबर की स्पलैण्डर मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस अब अभियुक्त के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्यवाही कर रही है।
















